• छापेमारी करके 8.5 किलो सिंगल-यूज प्लास्टिक जब्त

Mahendragrh News(आज समाज) महेंद्रगढ़ : नगर पालिका तथा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने आज महेंद्रगढ़ शहर के बाजार में सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों पर छापेमारी करके 8.5 किलो सिंगल-यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। एईई दिपेश ने बताया कि इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले एक थोक व्यापारी और पांच खुदरा दुकानदारों पर 20,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

एक थोक व्यापारी और पांच अन्य दुकानदारों पर छापा

टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गोयल ट्रेडिंग कंपनी नामक एक थोक व्यापारी और पांच अन्य दुकानदारों पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान इन सभी के पास से प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक सामग्री बरामद हुई। इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया गया। कुल 20,500 रुपए की राशि वसूल की गई।

उन्होंने बताया कि तीन मामलों में 1,500 रुपए प्रति मामला, दो मामलों में 3,000 रुपए प्रति मामला तथा एक मामले में 10,000 रूपए का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान जिले में सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह से खत्म करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है और यह आगे भी जारी रहेगा।

अधिकारियों ने सभी नागरिकों, दुकानदारों और व्यवसायों से अपील की है कि वे पर्यावरण की रक्षा में सहयोग करें और प्लास्टिक का उपयोग बंद करें। अधिकारियों ने कहा कि एक स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त महेंद्रगढ़ बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

यह भी पढ़े : Mahendragarh News : स्वच्छता को स्वभाव में शामिल करना बेहद जरूरी : विधायक कंवर सिंह