महेंद्रगढ़ : आरपीएस स्कूल में हॉकी के खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को किया याद

0
476

नीरज कौशिक, महेंद्रगढ़ :
आरपीएस विद्यालय में खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद किया। विद्यालय प्रांगण में हॉकी के मैदान में खिलाड़ियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान खिलाड़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा ग्रहण कर खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों ने मेजर ध्यानचंद को भारत सरकार से भारत रत्न देने की मांग भी की। इस मौके पर आरपीएस ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव ने कहा कि हॉकी के महान खिलाड़ी व विश्व में हॉकी के जादूगर के नाम से पहचान बनाने वाले मेजर ध्यानचंद ने हॉकी में पूरे विश्व में देश का नाम रोशन किया। उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचंद ने ओलंपिक खेलों में तीन बार देश का प्रतिनिधित्व किया और तीनों बार ही ओलंपिक में उन्होंने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।

भारत सरकार ने उन्हें पदम भूषण से सम्मानित किया। हाल ही में 41 वर्ष बाद भारत की पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता है। इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य सुभाष यादव ने कहा कि मेजर ध्यानचंद देश की वह प्रसिद्ध शख्सियत थे जिन्होंने अपने खेल के माध्यम से जर्मनी के तानाशाह हिटलर को दीवाना बना दिया था। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को जर्मनी की ओर से खेलने का लालच भी दिया परंतु उन्होंने अस्वीकार करते हुए कहा कि वह मरते दम तक अपने देश के लिए खेलेंगे। हमें ऐसे देशभक्त खिलाड़ी पर गर्व है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद से प्रेरणा ग्रहण कर खेलों में देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर खेल प्रशिक्षक राजकुमार, केंद्र फोगाट, हॉकी कोच रविंद्र परमार, रविंद्र कुमार, अमित कुमार , जगदीश, अमन कुमार शहीद अन्य खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

SHARE