• महेंद्रगढ़ में पिछले 24 धंटो से लगातार रिमझीम रिमझिम बारिश तो कभी झमाझम बारिश की गतिविधियां दर्ज
  • मानसून के आगमन से ही लगातार जिला महेंद्रगढ़ पर मानसून मेहरबान बना हुआ है- डॉ. चंद्र मोहन
  • जिला महेंद्रगढ़ में 1-6-25 से 31-7-25 तक 520.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है

(Mahendragarh News) महेंद्रगढ़।पिछले दो दिनों से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मानसून अपनी लय और सुर-ताल में देखने को मिल रहा है उत्तरी जिलों को छोड़कर सम्पूर्ण इलाके में झमाझम बारिश की जबरदस्त गतिविधियों से दिन और रात के तापमान में गिरावट और उमसभरी पसीने छुटाने वाली गर्मी से आमजन को राहत मिली है। बुधवार को हरियाणा के पश्चिमी जिलों में जबरदस्त बारिश जबकि आज हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी और पूर्वी जिलों के साथ मध्यवर्ती जिलों में जमकर बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है आने वाले तीन दिनों तक हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मानसून सक्रिय बना रहेगा।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में मानसून ट्रफ इस समय राजस्थान के सूरतगढ़ हरियाणा के हिसार से होते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र से होकर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अलावा उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से प्रेरित एक चक्रवातीय सर्कुलेशन पश्चिमी हरियाणा पर बना हुआ है।

जिसकी वजह से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में एक साथ पश्चिमी जिलों सिरसा फतेहाबाद हिसार भिवानी चरखी दादरी महेंद्रगढ़ और दक्षिणी जिलों रेवाड़ी गुड़गांव पलवल फरीदाबाद नूंह मेवात साथ ही साथ पूर्वी जिलों सोनीपत पानीपत करनाल में और मध्यवर्ती रोहतक झज्जर के साथ जींद कैथल में झमाझम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही है जिसकी वजह से सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं। मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से अगले 48-72 घंटों तक बारिश की गतिविधियां उत्तर भारत के मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अलग-अलग जगह जारी रहने की संभावना है ।

मानसून के आगमन से ही लगातार जिला महेंद्रगढ़ पर मानसून मेहरबान बना हुआ है

जिला महेंद्रगढ़ पर मौसम प्रणाली का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है जिला महेंद्रगढ़ में पिछले 24 धंटो से लगातार उमड़ घुमड़ कर बादलों की आवाजाही बनी हुई है और लगातार रिमझीम रिमझिम बारिश तो कभी झमाझम बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है। जिला महेंद्रगढ़ में 1-6-25 से 31-7-25 तक 520.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। जबकि इस दौरान जिला महेंद्रगढ़ में 201.8 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है जो सामान्य से 158% अधिक है।

मानसून के आगमन से ही लगातार जिला महेंद्रगढ़ पर मानसून मेहरबान बना हुआ है । पिछले 24 धंटो से जिला महेंद्रगढ़ पर झमाझम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही है। आज जिला महेंद्रगढ़ में नारनौल और महेंद्रगढ़ का दिन और रात का तापमान क्रमश 29.5, 23.8 डिग्री सेल्सियस और 29.0, 25.1 दर्ज किया गया है। जिला महेंद्रगढ़ में दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं और मौसम सुहावना बना हुआ है। क्योंकि दिन और रात के तापमान में अंतर नहीं है।