Woman Pilot Harrased In Uber Cab, (आज समाज), मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में महिला एयरलाइन पायलट के साथ उबर कैब के ड्राइवर और दो अन्य द्वारा कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वारदात गुरुवार रात लगभग सवा ग्यारह बजे की

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात गुरुवार रात लगभग सवा ग्यारह बजे की है और महिला का पति नौसेना में अधिकारी है। पीड़ित ने बताया कि वह दक्षिण मुंबई से घाटकोपर स्थित अपने घर लौट रही थी। महिला ने पुलिस को बताया कि पति के नेवी अफसर होने के बावजूद उसे अभी तक सरकारी आवास नहीं मिला है। इसी वजह से वह नौसेना के आवासीय परिसर में रहता है। वहीं महिला घाटकोपर में रहती है।

जानिए पीड़ित ने शिकायत में क्या कहा

पुलिस के अनुसार दक्षिण मुंबई के एक रेस्टोरेंट में गुरुवार रात को डिनर करने के बाद महिला के पति ने उसके लिए उबर की राइड बुक करवाई थी। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि कैब ड्राइवर ने यात्रा के 25 मिनट बाद रूट बदल दिया और दो लोगों को कैब में बैठने दिया। महिला के मुताबिक उनमें से एक उसके बगल में पिछली सीट पर बैठा था और उसने उसे गलत तरीके से छुआ।

महिला पायलट जब चिल्लाई तो उसने उसे धमकाया और कैब ड्राइवर ने कोई बचाव नहीं किया। महिला ने बताया कि कुछ दूर जाने के बाद, आरोपियों ने देखा कि पुलिस हाईवे पर आगे चेकिंग कर रही है तो दोनों पुरुष यात्री उतरकर भाग गए। महिला ने बताया कि जब वह घर पहुंची, तो उसने पूछा तो ड्राइवर ने उसे कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया कि उसने दो लोगों को कैब में क्यों बैठने दिया। अगली सुबह जब उसने अपने पति को बताया, तो दंपति ने घाटकोपर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

यह भी पढ़ें : Maharashtra News: मुंबई के ठाणे जिले में एक फर्म से जुड़े 8 लोगों पर 78 लोगों से 3.7 करोड़ रुपए की ठगी का केस