
Maharashtra Accident, (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र में नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में आठ महिला मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग जख्मी हो गए। हादसा बुधवार शाम को नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कड़वंची गांव के पास हुआ। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख जताया और हताहतों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
5-5 लाख रुपए आर्थिक मदद की घोषणा
महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री और जालना जिले की पालक मिनिस्टर पंकजा मुंडे ने भी दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, घायलों का बेहतर इलाज चल रहा है।
एक्सप्रेसवे पर सफाई करके टेंपो से घर लौट रही थीं महिलाएं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिलाएं एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम खत्म करके टेंपो से घर लौट रही थीं, इसी दौरान कड़वंची के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनके टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी मार दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि टेंपो में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई की तरफ जा रहा था तेज रफ्तार ट्रक
पुलिस ने बताया कि ट्रक मुंबई की तरफ जा रहा था। कड़वंची में महिला मजदूरों वाला टेंपो जैसे आगे बढ़ने वाला था, तेज गति से दौड़ रहे ट्रक ने उसे पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 7 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, और एक ने जालना के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद शव रोड पर बिखरे पड़े थे।
मृतकों में 35 से 70 के बीच की उम्र की महिलाएं
सात मृतकों में 35 से 70 के बीच की उम्र की महिलाएं थीं। जालना तहसील की रहने इन महिलाओं की पहचान कडूबाई मदन (55) अल्काबाई (45),कंचन (50), लक्ष्मीबाई मदन (35), सुमन (70), मीना (45) और ताराबाई चौधरी (60) के तौर पर हुई है। खबर लिखे जाने तक आठवीं महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। घायल अस्पताल में भर्ती हैं।
यह भी पढ़ें : Road Accidents: कर्नाटक और महाराष्ट्र में तीन सड़क हादसों में 23 लोगों की मौत

