चुन्नी से गला घोंटा उतारा था मौत के घाट, जोहड़ में फेंका शव
Jhajjar News (आज समाज) झज्जर: हरियाणा के झज्जर में शादीशुदा प्रेमिका की हत्या करने के आरोपी प्रेमी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चुन्नी से रेखा का गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। फिर शव को जोहड़ में फेंककर राजस्थान भाग गया। आरोपी की 4 माह पहले की रेखा से मुलाकात हुई थी। वह झाड़ली प्लांट में नौकरी करती थी। मनजीत उसे रोजाना कार से छोड़ने जाता था।
4 मई को भी दोनों साथ थे। रेखा के मोबाइल में एक चैट को देखकर मनजीत गुस्से से पागल हो गया। रेखा ने सफाई भी दी, लेकिन मनजीत खुद पर काबू खो बैठा और रेखा के गले में पड़ी चुन्नी से ही उसका गला घोंट दिया। हत्या करने के बाद वह उसके शव को जोहड़ में फेंक कर भाग गया। रेखा दो बच्चों की मां थी।
मनजीत के पिता की हो चुकी मौत
आरोपी की पहचान झज्जर जिले के बहू गांव के मनजीत के रूप में हुई। उसके पिता रामपाल की 2021 में सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। घर में मां और छोटा भाई ही है। मां बीमार रहती है, छोटे भाई ने इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की है। एक माह पहले ही मनजीत 18 साल का हुआ है। उसने पिछले साल ही 12वीं की परीक्षा पास की थी, लेकिन इसके बाद आगे पढ़ाई नहीं की।
मामा ने बीमार को लाने-ले जाने के लिए मनजीत को दी कार
पुलिस के मुताबिक, मनजीत कोई काम भी नहीं करता है। पिता की हादसे में मौत के बाद एक्सीडेंटल क्लेम मिला था, जिसका यूज घर चलाने में हो रहा था। इसके अलावा परिवार को चलाने में रिश्तेदारों का सहयोग रहता है। बीमार मां को लाने-ले जाने के लिए मामा ने ही कार दे रखी थी। इसी कार में वह घूमता-फिरता रहता था। दोस्तों के साथ मौज मस्ती के लिए भी वह इसी कार का इस्तेमाल करता था।
मनजीत के घर से कुछ दूरी पर रेखा का घर
रेखा मूल रूप से झज्जर जिले के कड़ौदा गांव की रहने वाली थी। करीब 8 साल पहले उसकी शादी गांव बहू निवासी रवि से हुई थी। रवि शराब का आदी है। काम भी नहीं करता। दोनों के 2 बच्चे हैं। इसीलिए रेखा को झाड़ली प्लांट में नौकरी करनी पड़ी। वह रोजाना घर से झाड़ली प्लांट में नौकरी करने जाती थी। मनजीत के घर से कुछ दूर ही रेखा का घर है।
4 महीने पहले हुई मुलाकात, बन गए प्रेम संबंध
4 महीने पहले उसकी पड़ोस में रहने वाले मनजीत से हाय हेलो हुई। इसके बाद मनजीत ने उसे बस स्टैंड तक अपनी कार में लिफ्ट देने का आॅफर भी दिया। देरी होने की वजह से रेखा ने कई बार लिफ्ट का आॅफर स्वीकार भी कर लिया। इसके बाद दोनों में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया और प्रेम संबंध बन गए।
4 मई को काम पर गई थी रेखा, लेकिन वापस नहीं लौटी
रोजाना की तरह रेखा 4 मई को भी झाड़ली प्लांट में जाने के लिए सुबह 10 बजे घर से निकली। मगर शाम तक वह घर नहीं लौटी। ससुराल वालों को चिंता हुई। उन्होंने उसके मायके कड़ोदा गांव फोन किया। पूछा गया कि क्या रेखा वहां आई है। कड़ोदा से रेखा के पिता अजमेर ने बताया कि यहां तो नहीं आई। इसके बाद रेखा के परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों ने पुलिस के वॉट्सऐप ग्रुप में देखी रेखा की फोटो
परिवार वाले रेखा की तलाश कर रहे थे कि 4 मई की रात को ही पुलिस के वॉट्सऐप ग्रुप में एक का फोटो शेयर किया गया। पुलिस की ओर से इसमें लिखा गया था कि यदि कोई इस महिला को पहचानता हो तो थाने आकर जानकारी दे। फोटो रेखा का ही था, जिसे देख परिवार में हड़कंप मच गया। सभी थाने पहुंच और मृतका की शिनाख्त रेखा के शव के रूप में की।
गांव रूड़ियावास के जोहड़ में मिला शव
थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि रेखा तो सुबह नौकरी पर जाने के निकली थी। इस पर पुलिस ने उन्हें बताया कि शाम को एक भैंस चराने वाले ने रूड़ियावास गांव में जोहड़ में एक महिला का शव पड़ा होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकाला। पता चला कि महिला की गला घोंट कर हत्या की गई। पुलिस ने किसी से रंजिश की बात पूछी तो परिवार वालों ने इनकार कर दिया।
कार की डिटेल से सुलझी हत्या की गुत्थी
थाना साल्हावास प्रभारी ने हरेश कुमार ने बताया कि रेखा के देवर ने एक कार का नंबर दिया। कहा कि कई बार उसने बस स्टैंड से रेखा को इस कार में प्लांट जाते हुए देखा था। कुछ लोग भी इसमें सवार होते थे। उसने भाभी से कभी इसलिए इस बारे में नहीं पूछा, क्योंकि उसे लगता था कि शायद प्लांट के कर्मचारी एक साथ जाते हों। यह कार उसने अपने गांव में भी देखी थी।
पुलिस ने 10 मई को मनजीत को किया गिरफ्तार
पुलिस ने कार की डिटेल जुटाई तो पता चला कि आजकल उसे गांव बहू का ही मनजीत चलाता है। गांव बहू का नाम सुनते ही पुलिस का शक बढ़ गया। पुलिस टीम तुरंत मनजीत के घर भेजी गई तो पता चला कि वह बाहर गया हुआ है। कहां गया, यह परिवार ने नहीं बताया। इस पर पुलिस का शक और पुख्ता हो गया। लगातार दबिश के बाद पुलिस उसे 10 मई को दबोच लिया। पुलिस को उसका एक दिन का रिमांड भी मिल गया।
रेखा के मोबाइल में चैट देखकर आया गुस्सा, थप्पड़ मारा, गला घोंटकर की हत्या
थाना प्रभारी के मुताबिक मनजीत ने पूछताछ में बताया कि वह 4 मई को रेखा से बस स्टैंड में मिला था। दोनों कार में बैठकर प्लांट की ओर चल दिए। इसी दौरान रेखा के मोबाइल में उसे एक चैट दिखाई दी। यह किसी युवक के साथ की गई थी। यह देखकर वह गुस्सा हो गया। उसने तुरंत युवक को कॉल करने की बात कही। रेखा से कहा कि युवक से कह दो की कभी उससे बात न करे।
रेखा ने युवक को कॉल करने से मना कर दिया। रेखा ने उससे कहा कि वह कॉल नहीं करेगी, बाद में युवक को इस बारे में बता देगी। मनजीत को यह सुनकर और गुस्सा आ गया। उसने रेखा का मोबाइल छीन कर तोड़ दिया। इस पर रेखा ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस पर मनजीत ने गले में पड़ी चुनरी से ही उसका गला घोंट दिया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
कार में शव को लिए घूमता रहा मनजीत, फिर गांव रूड़ियावास के जोहड़ में फेंका
पुलिस के मुताबिक मनजीत रेखा की मौत के बाद घबरा गया। इसके बाद उसने रेखा की डेडबॉडी को ठिकाने के लिए सोचना शुरू कर दिया। मगर, कुछ सूझ नहीं रहा था। काफी देर तक वह कार में ही रेखा की डेडबॉडी को लेकर इधर-उधर घूमता रहा। जब कोई बात समझ नहीं आई तो उसने रूड़ियावास गांव में जोहड़ में रेखा के शव को फेंक दिया। इसे बाद घर पहुंचा और कार वहीं खड़ी कर राजस्थान चला गया।
ये भी पढ़ें : आज हरियाणा के 6 जिलों में बारिश की संभावना