मौसम विभाग ने पंचकूला और यमुनानगर के लिए जारी किया येलो अलर्ट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग की ओर से आज हरियाणा में हल्की व मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। पंचकूला और यमुनानगर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है।
इनमें फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, कैथल, अंबाला, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल शामिल है। सिरसा में मौसम साफ रहने का अनुमान है। शनिवार को गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, पानीपत, करनाल, झज्जर, जींद, सोनीपत, महेंद्रगढ़ के नारनौल और चरखी दादरी में बारिश हुई। इस मानसून सीजन अब तक प्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में और सबसे कम कैथल में हुई है।
झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में करंट से 3 मौतें
झज्जर के गांव गोरिया में खेत में टूटे बिजली के तार को हटाते समय करंट लगने से मुमताजपुर (रेवाड़ी) निवासी बिजेंद्र उर्फ बज्जू की मौत हो गई। इसके अलावा फरीदाबाद में भी एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं गुरुग्राम के सेक्टर 44 में वेल्डिंग का काम करते समय करंट लगने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के संगम विहार निवासी सोहेल खान के रूप में हुई।
कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी ओवरफ्लो, खेतों में घुसा पानी
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद के कठवा गांव में मारकंडा नदी का पानी खेतों में भर गया। प्रशासन ने मारकंडा नदी से सटे 7 गांवों कठवा, पट्टी जामड़ा, गुमटी, मलकपुर, कलसाना, तंगौर और मुगलमाजरा में अलर्ट जारी किया।
सोनीपत में अंडरपास डूबा, झज्जर में 33 केवी पावर हाउस ब्लास्ट
सोनीपत में भी तेज बारिश से हालत बिगड़ गए। यहां रेलवे अंडरपास डूब गया। करीब 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। सड़कें तालाब बन गईं। कई जगह वाहन पानी के बीच बंद हो गए। झज्जर में बारिश और नमी के कारण 33 केवी पावर हाउस में सुबह करीब 11 बजे ब्लास्ट हो गया। इससे साढ़े 6 घंटे तक शहर की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
फरीदाबाद में हाईवे और बस स्टैंड डूबा
फरीदाबाद में आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर पानी भर गया। वहीं बल्लभगढ़ में बस स्टैंड पानी में डूब गया। इसके साथ यहां अंडरपास बंद कर पुलिस तैनात करनी पड़ी।