हिसार और फरीदाबाद में मौसम रहेगा साफ
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के 20 जिलों में हल्की बारिश होने की चेतावनी जारी की है। केवल हिसार और फरीदाबाद में मौसम साफ रहेगा। बाकी जिलों में बादल छाए रहेंगे व हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ का कहना है कि अब तक प्रदेश में 48 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। 5 सितंबर तक औसतन 370.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन प्रदेश में 546.6 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।

इस सीजन में सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में 1059.2 मिमी और महेंद्रगढ़ में 784.9 मिमी दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश सिरसा में 309.3 मिमी और भिवानी में 347.9 मिमी दर्ज हुई है। वहीं सरकार की ओर से फसलों को हुए नुकसान को लेकर ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलने का ऐलान कर दिया है।

कल पूरे प्रदेश में मौसम रहेगा साफ, 8 सितंबर को अंबाला, यमुनानगर और करनाल में बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 7 सितंबर के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। 8 सितंबर को अंबाला, यमुनानगर, करनाल में बारिश का यलो अलर्ट है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़,रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा।

जबकि फरीदाबाद, पलवल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत,जींद, कैथल, कुरूक्षेत्र, पंचकुला में कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अंबाला, यमुनानगर, करनाल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसी प्रकार का मौसम 9 सितंबर को भी बना रहेगा।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही मारकंडा नदी

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मारकंडा नदी का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है, लेकिन नदी अब भी खतरे के निशान 256 मीटर से 0.15 मीटर ऊपर बह रही है। मारकंडा में 30 हजार 445 क्यूसेक पानी बह रहा है। रात तक पानी कम होने के आसार हैं।

कैथल में घग्गर का जलस्तर डेंजर पॉइंट से 4 इंच ज्यादा

कैथल में घग्गर के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। आज घग्गर का जलस्तर 23.4 फीट तक पहुंच गया है, जो डेंजर पॉइंट से 4 इंच ज्यादा है। इसे देखते हुए शिक्षण संस्थानों में छुट्टियां की गई है। वहीं, घग्गर के साथ लगते गांवों में 24 घंटे के लिए जेसीबी व अन्य मशीनों पहुंचा दी गई हैं। कई जगह ओवरफ्लो होकर खेतों में पानी जाने लगा है।