Independence Day 2026: 79वां या 80वां कौन सा है ये स्वतंत्रता दिवस? जानें इस बार का थीम

0
156
Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस 2026 भारत के लिए खास है. साल 15 अगस्त को देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा. इस दिन आजादी के संघर्ष, बलिदानों और विकसित भारत के संकल्प को याद किया जाएगा.

Independence Day 2026: हर साल 15 अगस्त को देशभर में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है. ये दिन भारत के इतिहास में उस निर्णायक पड़ाव की याद दिलाता है, जब 15 अगस्त 1947 को देश ने ब्रिटिश शासन से आजादी हासिल की. साल 2026 का स्वतंत्रता दिवस इसलिए भी खास है क्योंकि ये आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाएगा.

ये अवसर केवल तिरंगा फहराने और समारोह आयोजित करने तक सीमित नहीं है. स्वतंत्रता दिवस उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों, आंदोलनों और आम नागरिकों के संघर्ष को याद करने का दिन है, जिनके प्रयासों ने स्वतंत्र भारत की नींव रखी.

2026 में 79वां या 80वां स्वतंत्रता दिवस?

हर साल की तरह इस बार भी ये सवाल उठता है कि 2026 में भारत अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा या 80वां. इसका सही जवाब है- 15 अगस्त 2026 को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा.

इसकी वजह गिनती का तरीका है. 15 अगस्त 1947 को आजादी मिलने के बाद उसी दिन को पहला स्वतंत्रता दिवस माना जाता है. इसलिए 1947 से 2026 तक सालों का अंतर 79 होने के बावजूद स्वतंत्रता दिवस की क्रम संख्या 80 होती है.

स्वतंत्रता दिवस 2026 की थीम

2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह का फोकस ‘युवा शक्ति फॉर विकसित भारत@2047’ पर रहेगा. इसके साथ ही इस साल ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी महत्वपूर्ण है.

लाल किले पर होने वाले मेन समारोह में प्रधानमंत्री के आगमन के बाद राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के गायन, तिरंगा फहराने और राष्ट्र के नाम संबोधन जैसे कार्यक्रम मेन आकर्षण होंगे.

आजादी की कहानी और 15 अगस्त का महत्व

भारत की स्वतंत्रता किसी एक आंदोलन या एक घटना का परिणाम नहीं थी. लंबे समय तक चले जन आंदोलनों, असहयोग और सविनय अवज्ञा जैसे अभियानों, राजनीतिक संघर्षों तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों ने आजादी की राह तैयार की.

15 अगस्त का दिन इसी लंबे संघर्ष और देशवासियों की सामूहिक आकांक्षा की याद दिलाता है. स्वतंत्रता दिवस हमें लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता के मूल्यों को मजबूत बनाए रखने की जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है.

देशभर में कैसे मनाया जाता है स्वतंत्रता दिवस?

स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों और विभिन्न समुदायों में ध्वजारोहण किया जाता है. इसके साथ देशभक्ति कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषण और परेड आयोजित की जाती हैं.

दिल्ली के लाल किले पर होने वाला राष्ट्रीय समारोह इसका सबसे मेन हिस्सा होता है. कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के आगमन और गार्ड ऑफ ऑनर से होती है. इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, राष्ट्रगान और 21 तोपों की सलामी होती है. भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा पुष्पवर्षा और प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन भी समारोह का हिस्सा रहता है.