दीवाली पर घर तो सजा लिया अब खुद भी सज जाएँ

0
279

प्रज्ञा पाण्डेय

दीवाली दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ उत्साह पूर्वक खुशियां मनाने वाला अवसर है। इस अवसर पर महिला का श्रृंगार खास महत्व रखता है। सबसे पहले हम कपड़ों पर आते हैं। मौसम में अधिक गर्माहट नहीं होने के कारण भारी कपड़े पहनना आपको शानदार बनाएगा। काफी समय से एथनिक कपड़ों का चलन है जो आज भी बरकरार है तो आप बेधड़क एथनिक लुक के कपड़ों का चुनाव कर सकती हैं। धोती स्टाइल कुर्ते का फैशन भी है जो हर वर्ग की महिला पर खूबसूरत लगता है।

अगर आप स्लिम हैं तो हेवी स्कर्ट के साथ क्राप टाप आपकी पर्सलानिटी को चार-चांद लगाएगा। क्लासी लुक के लिए जैकेट कुर्ता या ट्यूनिक के साथ सिगरेट पैंट भी ट्राई कर सकती हैं। एथनिक लुक के लिए जम्पसूट के साथ गोल्डन ज्वैलरी भी पहन सकती हैं। साड़ी खूबसूरती को बढ़ा देगी। लहंगा साड़ी का भी चलन है और इसे आसानी से पहना जा सकता है, यह पारम्परिक लुक के साथ स्टाइल भी बढ़ाता है। अनारकली लहंगा के साथ आप शानदार दिख सकती हैं। कुर्ता लहंगा भी सभी उम्र की नारियों पर फबता है।

कपड़ों के बाद हम ज्वैलरी पर आते हैं। अगर आप साड़ी या लहंगा साड़ी पहनती हैं तो उसके साथ ट्रेडीशनल ज्वैलरी का प्रयोग कर सकती हैं। लेकिन अगर पर इंडो-वेस्टर्न स्टाइल के कपड़े पहन रही हैं तो मार्डन ज्वैलरी का चयन करना चाहिए। डायमंड ज्वैलरी, झुमकी, बाला और कड़े का चुनाव आपको खूबसूरत बना देगा। चूड़ियों का चयन आपको पारम्परिक लुक दे सकता है। साथ ही नेकपीस, मांग टीका, कमरबंद, एंकलेट भी पहन सकती हैं। यही नहीं साड़ी या लहंगे के साथ गोल्डन ज्वैलरी या टेम्पल ज्वैलरी धारण करना भी बेहतर होता है। गोल्डन या टेम्पल ज्वैलरी का चलन काफी दिनों से है। यह सादगी के साथ स्टाइल लाता है। साड़ी या लहंगे के साथ कुंदन की ज्वैलरी खूबसूरती को बढ़ाता है। भारी, मोटे तथा चमकीले गहने भी फबते हैं।

मेकअप के बिना नारी का सौंदर्य अधूरा होता है। तो आइए कपड़ों और गहनों के बाद अब मेकअप की बात करते हैं। वैसे तो दीवाली पर लाल रंग की लिपस्टिक का चयन हर कपड़े पर फबेगा लेकिन बैंगनी रंग के साथ गुलाबी रंग भी खूब जंचेगा। हल्के रंग की लिपस्टिक का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें मैटी या सिमर का इस्तेमाल कर सकती हैं। चमकीले रंग की लिपस्टिक कपड़ों की खूबसूरती को बढ़ाती है। नारी सौंदर्य में आंखों का खास महत्व है। आंखों की खूबसूरती के लिए काजल, आई लाइनर और आई शैडो का इस्तेमाल कर सकती हैं। स्मोकी आइज वाला मेकअप आपको बोल्ड लुक देगा। चमकते आईशैडो और मस्कारा आपके ट्रेडीशनल लुक में चार-चांद लगाएगा।

बालों के लिए महिलाएं बहुत सर्तक होती हैं। आप बालों की पॉनीटेल बना सकती हैं। बालों को अगर खुला रखना चाहती हैं तो बीच कर्ल या स्ट्रेट हेअर कर सकती हैं। बीच से मांग निकलने से ये हेयर स्टाइल अधिक खूबसूरत दिखेंगे। बिंदी औरत की पर्सनालिटी का हिस्सा होती है। बड़ी लाल बिंदी के साथ लाल लिपस्टिक लगा सकती हैं। साथ ही चमकती बिंदी से सुंदरता बढ़ेगी। गालों की खूबसूरती के लिए ब्लशर का इस्तेमाल कर सकती हैं।

SHARE