ज्‍यादा शहद खाना भी हो सकता है नुकसानदायक, जानें क्‍यों ?

0
274

शहद से प्राप्त होने वाले फायदे किसी से छिपे नहीं हैं। प्राकृतिक गुणों से भरपूर शहद बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है। वैसे तो आप शहद को यूं ही खाएं या फिर गर्म पानी में डालकर, यह हर रूप में लाभकारी ही होता है। लेकिन फिर भी इसका अत्यधिक सेवन व गलत तरीके से सेवन करने पर इसे अमृत से विष बनने में देर नहीं लगती। इतना ही नहीं, इसके कारण आपको बहुत सी परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है। तो चलिए जानते हैं ऐसी ही कुछ परेशानियों के बारे में-

सही तरह से सेवन
शहद का सेवन करते समय आपको इस बात का ख्याल रखना होता है कि आप शहद का किस प्रकार सेवन करते हैं। उदाहरण के तौर पर लोग वजन कम करने के लिए शहद का सेवन गर्म पानी के साथ करते हैं, लेकिन आवश्यकता से अधिक गर्म पानी का सेवन करने से आपको शरीर में गर्मी या पेट संबंधी परेशानियां होने का खतरा बना रहता है। ठीक इसी तरह शहद को कभी भी गर्म दूध, चाय, कॉफी, मूली, नानवेज आदि के साथ नहीं लेना चाहिए।

पेट हो जाता है खराब
स्वस्थ रहने के लिए भले ही आप शहद का सेवन करते हों लेकिन आवश्यकता से अधिक इसका सेवन करने से आपको पेट संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। दरअसल, शहद में फ्रुक्टोज पाया जाता है, जिसे हर व्यक्ति के लिए पचा पाना मुश्किल होता है। जब इसकी अधिकता होती है तो इससे पेट खराब होने, पेट में दर्द, पेट में फूलने और डायरिया होने की संभावना बन जाती है।

रोगियों के लिए नुकसानदायक
शहद का सेवन अस्थमा रोगियों के लिए काफी नुकसानदेह होता है। इससे उन्हें श्वास में कमी, खुजली और जीभ में सूजन जैसी समस्या होती है। इतना ही नहीं, जिन लोगों को एलर्जी की परेशानी होती है, उन्हें भी शहद का सेवन करने पर फेफड़े में सूजन होने की परेशानी हो सकती है। वहीं मधुमेह रोगियों को भी शहद का सेवन डॉक्टर के परामर्श के बाद ही करना चाहिए क्योंकि यह रक्त में शर्करा के स्तर में वृद्धि करता है। इसके अतिरिक्त रक्तस्त्राव से पीड़ित व्यक्तियों के लिए भी शहद बेहद हानिकारक होता है।

छोटी आंत होती है प्रभावित
शहद की अधिकता आपकी छोटी आंत को प्रभावित करती है। जब आपकी छोटी आंत प्रभावित होती है तो इससे शरीर को पोषक तत्वों को अवशोषित करने में काफी दिक्कत आती है। अंततः इससे कई तरह की परेशानियां पैदा होती हैं।

SHARE