कहा, विरोध करने के और भी तरीके हैं लेकिन आम जनता को परेशान करना ठीक नहीं
Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता विशेषकर किसानों से यह अपील की है कि वे अपनी मांगों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करें। लोकतंत्र में इस बात का सभी को अधिकार है लेकिन सड़क और रेल यातायात को बाधित करके आम लोगों को परेशान करना बिल्कुल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों की हठधर्मिता के चलते प्रदेश को कई हजार करोड़ का पहले ही नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इससे प्रदेश का विकास काफी ज्यादा प्रभावित हुआ है। इतना ही नहीं शंभू और खनौरी बॉर्डर बंद रहने के चलते हजारों लोगों का रोजगार भी प्रभावित हुआ है। पंजाब में सड़क और रेल यातायात रोकने का ऐलान करने वाले संगठनों को सख्त चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह ने कहा कि राज्य के विकास में बाधा डालकर आम लोगों को तंग-परेशान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विरोध करने के और भी बहुत तरीके
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करने के और भी बहुत सारे तरीके हैं, लेकिन सिर्फ यातायात में रुकावट डालकर राज्य के विकास को पटरी से उतारने की कार्रवाई को सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे धरने-प्रदर्शनों का खामियाजा पंजाब वासियों खासकर मेहनती लोगों को भुगतना पड़ता है जो रोजमर्रा के कामकाज करके कड़ी मेहनत से अपने परिवारों का पालन-पोषण करते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कें बंद होने से कई बार मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मुश्किल पेश आती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में गेहूं की खरीद चल रही है और फसल की ढुलाई के लिए रेल सेवा का बहाल रहना बहुत जरूरी है, जिसके कारण यातायात रोकने का फैसला राज्य के हितों को नुकसान पहुंचाता है।
ऐसा कोई भी प्रयास पंजाब के विरुद्ध माना जाएगा
भगवंत सिंह मान ने कहा कि आम लोगों को तंग-परेशान करने वाले और रोजाना के कामकाज में विघ्न डालने वाले कोई भी ऐलान, धरने-प्रदर्शन या हड़तालें पंजाब और पंजाबियों के विरुद्ध मानी जाएंगी। पंजाब की तरक्की और खुशहाली को सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाइयों को अंजाम देने वालों को सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।