1 नवंबर से पात्र महिलाओं को प्रतिमाह मिलेंगे 2100 रुपए
Lado Lakshmi Yojana, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में आज लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ हो गया है। आज पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का मोबाइल एप लांच किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे महिलाओं के लिए ऐतिहासिक पहल बताया और कहा कि यह एप प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस योजना के लिए राज्य सरकार ने 5,000 करोड़ रुपए का बजट रखा है और पहले फेज में 21 लाख महिलाओं को लाभ दिया जाएगा।

हर पात्र महिला को सीधे उनके बैंक खाते में हर महीने 2,100 रुपए दिए जाएंगे। पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ एक नवंबर से मिलेगा। सीएम ने कार्यक्रम में मात्र शक्ति का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह गर्व का दिन है कि आज हमने यहां 851 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन किया।

10 नए अस्पतालों का भी किया उद्घाटन

सीएम ने बताया कि आज उन्होंने दस नए अस्पतालों का उद्घाटन किया है। प्रधानमंत्री की आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का इलाज फ्री होता है, जिससे गंभीर बीमारी आने पर चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए भी फ्री चिकित्सा सेवा लागू कर दी है।

50 हजार महिलाएं कर चुकी डाउनलोड

सीएम ने बताया कि एप लॉन्च होते ही 50 हजार महिलाओं ने इसे डाउनलोड कर लिया और 8 हजार महिलाओं ने पंजीकरण करवा लिया। उन्होंने इस प्रक्रिया को पारदर्शी और सहज बनाने के लिए दो टोल-फ्री नंबर भी जारी किए, ताकि हरियाणा की कोई भी महिला योजना का लाभ लेने में अड़चन न महसूस करें।

शुरूआत में एक लाख वार्षिक आय वाले परिवारों की की महिलाओं को मिलेगा लाभ

प्रदेश सरकार पहले चरण में एक लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ देगी, लेकिन सरकार भविष्य में इस योजना के तीन चरण और लांच करने पर विचार कर रही है। सरकार की योजना पांच लाख रुपए तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ देने की है।

पहले चरण में 23 से 60 साल उम्र की कुल 20 लाख 97 हजार 256 महिलाओं को 2100 रुपए मासिक भत्ता देने की योजना है। इनमें विवाहित महिलाओं की संख्या 18 लाख 14 हजार 621 है, जबकि अविवाहित महिलाओं की संख्या 2 लाख 82 हजार 635 है।

भविष्य में 5 लाख वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी मिल सकता है योजना का लाभ

प्रदेश सरकार इस योजना के लिए धीरे-धीरे तीन चरण और जारी करने पर विचार कर रही है। दूसरे चरण में 1 लाख से 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक तक आय वाले परिवारों की महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के दायरे में लाया जाएगा। लाडो लक्ष्मी योजना के तीसरे चरण में 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक से 3 लाख रुपए वार्षिक तक आय वाले परिवारों की महिलाओं को 2100 रुपए मासिक देने की संभावना है। चौथे और अंतिम चरण में 3 लाख से 5 लाख रुपए वार्षिक तक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी सरकार लाडो लक्ष्मी योजना के दायरे में ला सकती है।

लाडो लक्ष्मी योजना का चौथा चरण साल 2028-29 के आसपास आरंभ किया जा सकता है। तीन लाख रुपये वार्षिक तक आय वाले परिवारों की महिलाओं की संख्या 46 लाख 62 हजार हैं, जिनमें से करीब 22 लाख महिलाओं को पहले चरण में 2100 रुपये मासिक दिए जाने वाले हैं। तीन से पांच लाख रुपये वार्षिक तक आय वाले परिवारों की महिलाओं की संख्या करीब 7 लाख के आसपास बताई जाती है।

 

 

ये भी पढ़ें : हरियाणा सरकार ने 22 जिलों में मार्केट कमेटियों के चेयरमैन-वाइस नियुक्त किए