एक बार में डाले जाने वाले कपड़ों के अधिकतम भार को दर्शाता है केजी
Washing Machine (आज समाज) नई दिल्ली: आज के दौर में वाशिंग मशीन हर घर की जरूरत बन चुकी है। लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि मशीन के बॉक्स या बॉडी पर लिखा 5 केजी , 7.5 केजी या 10 केजी का मतलब क्या होता है? बहुत से लोग इसे मशीन का वजन समझ लेते हैं, लेकिन सच्चाई कुछ और ही है। जब आप किसी वॉशिंग मशीन पर 7 केजी वॉशर लिखा देखते हैं, तो इसका सीधा मतलब है कि वह मशीन एक बार में 7 किलोग्राम सूखे कपड़े धोने की क्षमता रखती है।

यह आंकड़ा मशीन के वजन को नहीं बल्कि इसमें एक बार में डाले जाने वाले कपड़ों के अधिकतम भार को दर्शाता है। यह भार सूखे कपड़ों का होता है, ना कि गीले कपड़ों का। क्योंकि जब कपड़े पानी में भीगते हैं तो उनका वजन बढ़ जाता है, और मशीन को उसी अनुसार डिजाइन किया जाता है कि वह गीले कपड़ों का भी आसानी से भार सह सके।

क्यों होती है केजी में माप

अब बात करते हैं कि इस क्षमता को किलोग्राम में ही क्यों मापा जाता है? दरअसल, कपड़े एक ठोस मटेरियल होते हैं और घरेलू उपयोग में किलो एक आम मापदंड है। इससे ग्राहक को आसानी से अंदाजा हो जाता है कि वह कितने लोगों के कपड़े एक बार में धो सकते हैं।

उदाहरण के तौर पर, 5 किलो वॉशर में 1-2 लोगों के कपड़े धोए जा सकते हैं, जबकि 7-8 किलो का वॉशर एक बार में 3-4 लोगों के कपड़े आसानी से धो सकता है। वहीं, 10 किलो के वॉशर में 5 या उससे अधिक लोगों के कपड़े एक बार में धोए जा सकते हैं। इससे उपभोक्ता को अपनी जरूरत के हिसाब से सही मशीन चुनने में आसानी होती है।

कपड़े धाने के कैपेसिटी के हिसाब से खरीदे वॉशिंग मशीन

अक्सर देखा गया है कि कुछ लोग इसे मशीन का वजन समझ लेते हैं और भ्रमित हो जाते हैं। जबकि सच्चाई यह है कि मशीन खुद तो 30-40 किलो या उससे ज्यादा की होती है, लेकिन उस पर लिखा 7 केजी असल में उसकी धोने की कैपेसिटी होती है। इसलिए अगली बार जब आप वॉशिंग मशीन खरीदने जाएं, तो यह समझें कि मशीन की क्षमता कितनी है और वह आपके परिवार के हिसाब से पर्याप्त है या नहीं।