हिंदू धर्म में गाय को प्राप्त है माता का दर्जा
Cow Puja, (आज समाज), नई दिल्ली: हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार, गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना गया है, इसलिए गाय की सेवा और पूजा करने से साधक को पुण्य फलों की प्राप्ति होती है। इसी के साथ हिंदू मान्यताओं के अनुसार, गाय को पहली रोटी खिलाना भी बहुत ही शुभ माना गया है। इसे न केवल पुण्य का काम माना गया है, बल्कि इससे जीवन में अद्भुत परिणाम भी देखने को मिलते हैं।
गाय को रोटी खिलाने के लाभ
हिंदू शास्त्रों में यह माना गया है कि व्यक्ति को रोजाना पहली रोटी गाय को खिलानी चाहिए। इस कार्य को यज्ञ और दान के समान ही पुण्यदायी माना गया है। ऐसा करने से व्यक्ति को पुण्य फलों की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख-समृद्धि का माहौल बना रहता है। इसी के साथ सच्चे मन से गौ माता की सेवा करने और उन्हें रोटी खिलाने से साधक को देवी-देवताओं का आशीर्वाद भी मिलता है और उसके सौभाग्य में वृद्धि होती है।
खिला सकते हैं ये चीजें
आप चाहें, तो गाय की रोटी बनाकर रख सकते हैं और समय मिलने पर गाय माता को खिला सकते हैं। गाय को रोटी के साथ गुड़ खिलाना भी काफी शुभ माना गया है। इससे साधक को गौमाता के आशीर्वाद से धन-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसी के साथ ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, गाय को हरा चारा खिलाने से जातक के करियर में लाभ मिल सकता है।
रखें इन बातों का ख्याल
अगर आप गाय को पहली रोटी खिलाने के बाद भोजन करते हैं, तो इससे साधक को शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इस बात का खासतौर से ध्यान रखें कि गाय को कभी भी सूखी या फिर खाली रोटी न दें। उसमें थोड़ा-सा गुड़ या घी मिलाकर ही गाय को रोटी देनी चाहिए। इसी के साथ गाय को बासी रोटी खिलाना भी शुभ नहीं माना जाता।
ये भी पढ़ें: कब है वृश्चिक संक्रांति? जानें तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि