कहा- गाड़ी बैल खींचता है, बकरी नहीं
Kim Jong, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने डिप्टी पीएम यांग सुंग-हो को बर्खास्त कर दिया है। कोरियाई न्यूज एजेंसी केसीएनए के मुताबिक किम जोंग उन र्योंगसोंग मशीन कॉम्प्लेक्स में सोमवार को इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट के पहले चरण के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। किम ने अपने संबोधन के दौरान यांग सोंग-हो को हटाने का आदेश दिया। किम ने डिप्टी पीएम को फटकार भी लगाई।
किम ने मंच से ही डिप्टी पीएम से कहा, बहुत देर होने से पहले, अपने पैरों पर खुद यहां से चले जाओ। किम ने कहा कि यांग बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के लायक नहीं हैं। एक बकरी गाड़ी नहीं खींच सकती। यह हमारे कैडर अपॉइंटमेंट सिस्टम में हुई एक गलती थी। आखिरकार, गाड़ी बैल खींचता है, बकरी नहीं।
गलतियों को सुधारने के लिए कई बार मौका दिया
किम जोंग उन ने कहा कि उन्होंने यांग को र्योंगसोंग मशीन कॉम्प्लेक्स के पहले चरण के आधुनिकीकरण में हुई गंभीर गलतियों को सुधारने के लिए कई बार मौका दिया था। इसके बावजूद काम में कोई सुधार नहीं हुआ। किम ने यह भी स्पष्ट किया कि यांग को पद से हटाना जरूरी था, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें पार्टी-विरोधी माना जाए। किम के मुताबिक, यांग ने पार्टी की केंद्रीय समिति को ऐसे सुझाव दिए जो न तो व्यावहारिक थे और न ही सच्चाई पर आधारित थे।
यांग ने अपने फायदे के लिए पार्टी को गुमराह करने की कोशिश की
उन्होंने आरोप लगाया कि यांग ने अपने फायदे के लिए पार्टी को गुमराह करने की कोशिश की, यहां तक कि पिछले महीने हुई पार्टी की अहम बैठक में भी। उन्होंने बताया कि इन सबके बावजूद उन्होंने यांग को एक और मौका दिया। लेकिन बाद में साफ हो गया कि उनमें जिम्मेदारी की भावना बिल्कुल नहीं है। उन्होंने कहा, यह व्यक्ति शुरू से ऐसा ही रहा है और इसे किसी भी बड़ी जिम्मेदारी के लायक नहीं माना जा सकता।
किम जोंग ने फूफा को फांसी दे दी थी
2013 में किम जोंग उन के फूफा जांग सोंग-थैक को तख्ता पलट की साजिश के आरोप में फांसी दी गई थी। थैक पर तख्तापलट की साजिश के अलावा, भ्रष्टाचार, पार्टी विरोधी गतिविधियां, विदेशी ताकतों खासकर चीन के साथ गलत तरीके से रिश्ते रखना, देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए। यह मामला इसलिए भी अहम था क्योंकि जांग सोंग-थैक कभी उत्तर कोरिया के सबसे ताकतवर नेताओं में गिने जाते थे। दिसंबर 2013 में पार्टी की एक अहम बैठक के दौरान जांग सोंग-थैक को सबके सामने गिरफ्तार किया गया था।
ये भी पढ़ें: प्रयागराज मेला प्रशासन ने अविमुक्तेश्वरानंद से शंकराचार्य होने का सबूत मांगा


