- प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को जींद में विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित
Haryana BJP President, (हरीश भारद्वाज), रोहतक: हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और इस दौरान वह विश्व की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ हरियाणा की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। अर्चना गुप्ता मंगलवार को रोहतक पहुंची थीं और सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने उक्त बात कही।
कांग्रेस शासन में केवल रोहतक पर ध्यान दिया गया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं और महिलाओं का सम्मान नहीं है तथा विपक्षी पार्टी पूरी तरह परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति में सिमट गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान केवल रोहतक पर ध्यान दिया गया, जबकि भाजपा सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल व वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का समान विकास किया है।
भाजपा में हर व्यक्ति की पहचान उसकी मेहतन व निष्ठा से
डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा में किसी व्यक्ति की पहचान उसके परिवार से नहीं, बल्कि उसकी मेहनत और निष्ठा से होती है। यही कारण है कि सामान्य और किसान परिवार से आने वाले लोग भी शीर्ष पदों तक पहुंचे हैं। इसके विपरीत कांग्रेस लगातार अपने समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रही है और नेतृत्व एक ही परिवार तक सीमित है।
17 को कई प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण करेंगे मोदी
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री 17 जुलाई को सुबह जींद में जिस विश्व की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे वह शून्य कार्बन उत्सर्जन वाली पर्यावरण-अनुकूल तकनीक पर आधारित ट्रेन है। इसके अलावा प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, जम्मू-कटरा हाईवे के हरियाणा हिस्से, कोरियावास मेडिकल कॉलेज, भिवानी मेडिकल कॉलेज तथा अन्य विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे।
जींद में होगी मुख्य जनसभा
डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने बताया कि जींद में मुख्य जनसभा होगी, जबकि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मंत्री और भाजपा पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रैली में कार्यकर्ता साइकिल, मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रिक वाहनों, बसों और ट्रैक्टरों के माध्यम से पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देंगे। डॉक्टर गुप्ता ने बताया कि संगठनात्मक चुनावों के तहत जिला और मंडल स्तर की टीमें गठित हो चुकी हैं। अब जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों तथा उनकी टीमों की घोषणा भी कर दी जाएगी।


