Arrest in protest against CAA, arson in Daryaganj, 15 arrested for sabotage: सीएए के खिलाफ प्रदर्शन में आगजनी, दरियागंज में आगजनी, तोड़फोड़ के लिए 15 गिरफ्तार

0
417

नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के दरियागंज में आज केंद्र सरकार द्वारा पारित सीएए और एनआरसी के लिए विरोध प्रदर्शन हुआ। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा के संबंध में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि शुरूआत में 10 लोगों को पकड़ा गया था लेकिन बाद में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया। बता दें कि दिल्ली में कल जुमे की नमाज के बाद लाल किले के बाहर लोगों ने सीएए और एनआरसी को लेकर प्रदर्शन किया। पूरे दिन यह विरोध प्रदर्शन शांति से चलता रहा लेकिन रात में यह प्रदर्शन उग्र हो गया और एक कार में आग लगा दी गई। जिसके बाद पुलिस ने हल्का बलप्रयोग किया और वाटर कैनन के इस्तेमाल से लोगों को तितर बितर किया।
पुलिस के अनुसार आज दरियागंज में गिरफ्तार किए गए लोगों पर दंगा करने और पुलिसकर्मियों को ड्यूटी निभाने से रोकने के लिए बल प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार शाम को सुभाष मार्ग इलाके में खड़ी एक निजी कार को आग लगा दी थी। आग पर फौरन काबू पा लिया गया था। प्रदर्शन और हिंसा के संबंध में 40 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें से आठ नाबालिगों को शनिवार तड़के रिहा कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए इन लोगों में से 10 को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने इसके अलावा दिल्ली के जामा मस्जिद पर प्रदर्शन कर रहे भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर ‘रावण’ को भी हिरासत में लिया है।

SHARE