Landslide In Idukki, (आज समाज), तिरुवनंतपुरम: केरल के इडुक्की जिले में भीषण भूस्खलन के कारण दंपति की मौत हो गई। हादसा शनिवार रात को भारी बारिश के बाद कूम्बनपारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण हुआ। पति और पत्नी घर लौट रहे थे और  इस दौरान वे लैंडस्लाइड कारण कंक्रीट की स्लैब के नीचे फंस गए। पुलिस, दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर छह घंटे से ज़्यादा की कड़ी मशक्कत के बाद पत्नी संध्या को तड़के करीब 3 बजे बचाया और गंभीर हालत में उसे अस्पताल भेजा। बचाव दल ने पुरुष को बाहर निकालने के बाद मृत पाया।

भारी बारिश को लेकर प्रशासन ने लोगों को किया था अलर्ट

इडुक्की से सांसद दीन कुरियाकोस ने कहा कि बचाव कार्य अंतिम चरण में है और एनडीआरएफ की एक टीम भी प्रभावित स्थान की ओर जा रही है। केरल के कई जिलों में भारी बारिश के बाद, इडुक्की जिला प्रशासन ने भूस्खलन की आशंका के चलते लगभग दो दिन पहले निवासियों को घर खाली करने को कहा था। जिले के आदिमाली गांव में रहने वाला यह दंपति पहले ही वहां से चला गया था। मृतक की पहचान आदिमाली के लक्षम वीडू निवासी बीजू के रूप में हुई है।

भूस्खलन के कारण लगभग 5-6 घर क्षतिग्रस्त

सूत्रों का कहना है कि भूस्खलन के कारण लगभग पांच से छह घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने बताया की यदि लोग पहले ही इलाके से बाहर नहीं निकल जाते, तो और भी ज़्यादा हताहत हो सकते थे। पलक्कड़, इडुक्की, त्रिशूर और तिरुवनंतपुरम जैसे ज़िलों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। इन ज़िलों के कई बांधों में जलस्तर पहले से ही ऊंचा है।

पोनमुडी और मदुपेट्टी बांधों में जलस्तर रेड अलर्ट पर

प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक इडुक्की के पोनमुडी और मदुपेट्टी बांधों में जलस्तर रेड अलर्ट पर है, जबकि त्रिशूर के शोलायार बांध में यह ऑरेंज अलर्ट पर पहुंच गया है। पलक्कड़ के वालयार, मालमपुझा, मूलथारा और चुलियार बांधों में जलस्तर अपनी अधिकतम भंडारण क्षमता के करीब पहुंच गया है, जिससे अधिकारियों को कई सेंटीमीटर तक पानी के द्वार खोलने पड़े हैं।