Vastu Good Luck Plants: घर की उत्तर-पूर्व दिशा में रखें ये 5 पौधे

0
67
Vastu Good Luck Plants: घर की उत्तर-पूर्व दिशा में रखें ये 5 पौधे
Vastu Good Luck Plants: घर की उत्तर-पूर्व दिशा में रखें ये 5 पौधे

गृह क्लेश से मिलेगा छुटकारा, धन-धान्य होगी वृद्धि, जीवन में मिलगी तरक्की
Vastu Good Luck Plants, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर पूर्व दिशा का हिंदू धर्म और वास्तुशास्त्र में खास महत्व बताया गया है। इस स्थान को सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में वास्तु के अनुसार इन दिशाओं में कुछ पौधों को रखना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से जातक को घर में चल रहने तनाव से मुक्ति मिल सकती है और बरकत बढ़ती है। साथ ही, घर की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है। तो आइए विस्तार से जानते हैं कि उत्तर पूर्व दिशा में कौन-कौन से पौधे लगाने चाहिए।

धन-धान्य में वृद्धि के लिए क्रासुला का पौधा लगाना शुभ

वास्तुशास्त्र के अनुसार घर में क्रासुला का पौधा लगाना बहुत शुभ माना जाता है। इसे उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना सबसे उत्तम माना जाता है। अगर ऐसा संभव न हो तो आप उत्तर या पूर्व दिशा में भी क्रासुला प्लांट को रख सकते हैं। सही दिशा में इस पौधे को रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है। साथ ही, घर में चल रही आर्थिक तंगी से मुक्ति मिल सकती है और धन-धान्य में वृद्धि होने लगती है। क्रासुला प्लांट को उत्तर या पूर्व दिशा में रखने से वास्तु दोष से भी राहत मिल सकती है।

जीवन में तरक्की के लिए लगाए अपराजिता का पौधा

हिंदू धर्म में अपराजिता के फूल को बहुत पवित्र माना गया है। इसे देवी लक्ष्मी, विष्णुजी और शनिदेव की पूजा में शामिल करने से बेहद शुभ फल की प्राप्ति होती है। वहीं, वास्तुशास्त्र में भी अपराजिता का फूल घर में लगाना लाभदायक माना जाता है। इससे त्रिदेव और देवियों की कृपा प्राप्त हो सकती है। साथ ही, परिवार के सदस्यों को जीवन में तरक्की प्राप्त हो सकती है। इसके लिए वास्तु के अनुसार अपराजिता का पौधा ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। ऐसा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है।

गृह क्लेश से मुक्ति के लिए मोगरे का पौधा

मोगरे का फूल दिखने में बहुत आकर्षक होता है और इसकी सुगंध भी मनमोहक होती है जो आसपास के वातावरण को सुखद और शांत बनाए रखती है। यही कारण है कि इसे घर में लगाना बहुत शुभ माना जाता है। वास्तु के अनुसार सही दिशा में मोगरे का पौधा लगाने से जातक को घर में चल रही समस्याओं और गृह क्लेश से मुक्ति मिल सकती है। साथ ही, इससे घर का माहौल खुशनुमा बना रहता है और परिवार के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम बना रहता है। वास्तुशास्त्र के मुताबिक, मोगरे का पौधा घर में उत्तर-पूर्व या उत्तर दिशा में लगाया जा सकता है।

जीवन से दुर्भाग्य दूर करेगा शमी का पौधा

ज्योतिषशास्त्र में शमी के पौधे का खास महत्व है। मान्यता है कि यह पौधा शनि के बुरे प्रभावों को कम कर सकता है और इससे शनिदेव की कृपा प्राप्त हो सकती है। क्योंकि शमी का पौधा न्याय के देवता शनिदेव को बेहद प्रिय है। लेकिन वास्तु के अनुसार, शमी के पौधे को सही दिशा में रखना बेहद जरूरी होता है। इससे जातक के जीवन से दुर्भाग्य दूर हो सकता है और अच्छे वक्त की शुरूआत हो सकती है। इस पौधे को घर में ईशान कोण में लगाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मकता बनी रहती है।

घर में सुख-समृद्धि लाएगा गेंदे के पौधा

पूजा-पाठ में पीले और नारंगी रंग के गेंदे के फूल प्रयोग किए जाते हैं। साथ ही, इन्हें घर में लगाना भी बहुत शुभ माना जाता है। इससे आसपास का वातावरण शुद्ध बना रहता है और घर में सुख-समृद्धि आती है। वास्तु की मानें तो गेंदे का पौधा उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना बहुत शुभ होता है। इससे घर का माहौल शांतिपूर्ण बना रहता है और माता लक्ष्मी की भी कृपा प्राप्त हो सकती है।

ये भी पढ़ें: घर की इस दिशा में लगाएंगे हनुमान जी की तस्वीर