Heavy Rain In Mangaluru, (आज समाज), मेंगलुरू: भारी बारिश के कारण कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिला मुख्यालय मेंगलुरु में आम जनजीवन बुरी तरह बाधित हो गया है। शनिवार शाम 4 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश लगभग एक घंटे तक जारी रही और कई इलाके जलमग्न हो गए। शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर इतना पानी भर गया कि बाढ़ के हालात बन गए हैं। जिले में और भी कई जगह भारी बारिश हुई है।

संबंधित अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश

डिप्टी कमिश्नर मुल्लई मुहिलान (DC Mullai Muhilan) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे संवेदनशील घरों से परिवारों को तुरंत निकालकर देखभाल केंद्रों या सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं। बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों की कड़ी निगरानी और सभी बचाव उपकरणों की तैयारी को अनिवार्य किया गया है, ताकि किसी भी तरह की जान-माल की हानि से बचा जा सके।

जप्पिनमोगरु : दीवार गिरी, भूमिगत नाले के मैनहोल ओवरफ्लो

जप्पिनमोगरु के पास मुगेरु और आसपास के इलाकों में राजकालुवे की दीवार गिरने से बाढ़ आ गई। शहर में कई जगहों पर भूमिगत नाले (यूजीडी) के मैनहोल ओवरफ्लो हो गए। मेंगलुरु के नीरमर्ग में सुबह 8.30 बजे से शाम 4.30 बजे के बीच 121 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में बंटवाल तालुक के पुडु गांव में 118 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बंटवाल के मेरामाजालु और अमताडी में क्रमश: 105 मिमी और 100 मिमी बारिश हुई।

12 परिवारों को स्थानांतरित किया गया

मेंगलुरु में कई इलाकों में बाढ़ के बाद 12 परिवारों को स्थानांतरित किया गया। एमसीसी ने उन्हें कुडमुल रंगा राव टाउन हॉल परिसर में अस्थायी आश्रय प्रदान किया, साथ ही भोजन और आवश्यक आपूर्ति भी की। एमसीसी आयुक्त रविचंद्र नाइक ने राहत केंद्र का दौरा किया।

यह भी पढ़ें : Karnataka Weather: दक्षिण कन्नड़ जिले में भारी बारिश का अनुमान, आरेंज अलर्ट, स्कूल बंद