Karnataka Government: राहुल गांधी के आरोप गलत, सर्वे में ईवीएम पास, 83.61 फीसदी प्रतिभागी नतीजों से सहमत

0
501
Karnataka Government
Karnataka Government: राहुल गांधी के आरोप गलत, सर्वे में ईवीएम पास, 83.61 फीसदी प्रतिभागी नतीजों से सहमत, भाजपा का पलटवार

Karnataka Government Survey, (आज समाज), नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के चुनावों के दौरान इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के नतीजों में गड़बड़ी के आरोप गलत साबित हुए हैं। दरअसल, कनार्टक में कांग्रेस के नेतृत्व की सरकार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. अनबुकुमार के माध्यम से 2024 के लोकसभा चुनाव पर 102 विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे करवाया है और इसमें 83.61 प्रतिशत प्रतिभागियों ने कहा है कि उन्हें ईवीएम पर पूरा भरोसा है।

102 विधानसभा क्षेत्रों में किया सर्वे, शामिल हुए 5100 लोग

सर्वे को ‘नागरिकों के ज्ञान, दृष्टिकोण और व्यवहार पर किए गए अंतिम सर्वे का मूल्यांकन’ शीर्षक दिया गया था। इसमें 5100 लोग शामिल हुए, जिनमें से ज्यादातर लोगों ने ईवीएम पर भरोसा जताया। इसके बाद भाजपा व अन्य दलों को राहुल के आरोपों को लेकर मुद्दा मिल गया है। राहुल गांधी चुनावों के दौरान भाजपा पर और केंद्रीय चुनाव आयोग (ईसीआई) पर कई बार वोट चोरी और ईवीएम में हेराफेरी के आरोप लगा चुके हैं।

सर्वे के नतीजे राहुल के लिए तगड़ा तमाचा : भाजपा 

सर्वे के परिणाम आने के बाद भाजपा ने अब राहुल पर चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने को लेकर पलटवार किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि सर्वे के नतीजे राहुल के लिए तगड़ा तमाचा है। रिपोर्ट में बताया गया कि सर्वे में शामिल 83.61 फीसदी लोगों ने कहा, उन्हें ईवीएम पर पूरी तरह भरोसा है। वहीं कुल मिलाकर 69.39 प्रतिशत प्रतिभागियों ने स्वीकारा कि ईवीएम सही परिणाम देती है। 14.22 फीसदी लोग ईवीएम के सही नतीजों से पूरी तरह सहमति थे।

कलबुर्गी में लोगों ने ईवीएम पर सबसे अधिक भरोसा जताया

कलबुर्गी में लोगों ने ईवीएम पर सबसे अधिक भरोसा जताया। यहां के 83.24 फीसदी लोग ईवीएम के नतीजों से सहमत हैं। वहीं 11.24 फीसदी लोगों ने कहा कि ईवीएम पूरी तरह भरोसेमंद हैं। मैसूर में 70.67 फीसदी प्रतिभागियों ने सहमति जताई और 17.92 फीसदी पूरी तरह ईवीएम के नतीजों से सहमत दिखे। वहीं बेलगावी में 63.90 फीसदी प्रतिभागियों ने ईवीएम से सहमति जताई और 21.43 फीसदी प्रतिभागी ईवीएम के नतीजों से पूरी तरह सहमति दिखे। बेंगलूरु में पूरी सहमति सबसे कम 9.28 प्रतिशत रही। हालांकि 63.67 प्रतिशत प्रतिभागियों ने सहमति जताई। बेंगलुरु में तटस्थ मत सबसे ज्यादा 15.67 फीसदी रहे।

ईवीएम को अविश्वसनीय बताते हैं राहुल : भाजपा

कर्नाटक के नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने राज्य सरकार के सर्वे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, राहुल गांधी वर्षों से पूरे भारत में यही कहानी सुनाते आए रहे हैं कि देश का लोकतंत्र ‘खतरे’ में है। वे कहते हैं कि ईवीएम ‘अविश्वसनीय’ हैं और हम अपने संस्थानों पर विश्वास नहीं कर सकते, पर कर्नाटक के लोगों ने बिल्कुल कहानी विपरीत बताई है। भाजपा नेता आर. अशोक ने कहा, राज्यभर में किए गए सर्वे में सामने आया है कि लोग चुनाव, ईवीएम व भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर विश्वास करते हैं। उन्होंने कहा, सर्वे रिपोर्ट कांग्रेस के मुंह पर ‘एक तमाचा’ है।

ये भी पढ़ें: Karnataka News: बल्लारी हिंसा को लेकर भाजपा विधायक समेत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर