Karnataka Bus Fire: स्लीपर बस में लगी आग, कम से कम 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत

0
172
  • बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी बस
  • हादसे में ट्रक के ड्राइवर की भी मौत 

Massive Bus Fire In Chitradurga Karnataka, (आज समाज), बेंगलुरु: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में एक प्राइवेट स्लीपर बस (private sleeper bus) में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। जिले के हिरियूर तालुक (Hiriyur Taluk) में एक ट्रक से टकराने के बाद बस में आग लगी। गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे नेशनल हाईवे-48 पर यह हादसा हुआ। बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी। यह 300 किमी से ज़्यादा का सफ़र था।

डिवाइडर पार करके बस से टकराया ट्रक

पुलिस महानिरीक्षक रविकांत गौड़ा ने बताया कि दूसरी तरफ से आ रहे एक ट्रक ने डिवाइडर पार किया और बस से टकरा गया। उन्होंने कहा, शुरुआती जांच से पता चलता है कि ट्रक बस के फ्यूल टैंक से टकराया होगा, जिससे फ्यूल बाहर निकल गया। कुछ यात्री आग से बचने में कामयाब रहे। अब तक 9 यात्रियों और ट्रक ड्राइवर की मौत की पुष्टि हुई है।

ड्राइवर और कंडक्टर समेत 32 लोग थे सवार 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबर्ड कोच की बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत 32 लोग सवार थे। हादसे के समय सड़क पर मौजूद सचिन ने बताया, सीबर्ड बस ने हमें ओवरटेक किया और फिर सामने से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने डिवाइडर पार किया और स्लीपर बस से टकरा गया। ट्रक उस जगह के पास टकराया जहां डीजल टैंक था।

जलती हुई बस में चिल्ला रहे थे लोग

यात्रियों में से एक आदित्य ने कहा, जलती हुई बस में लोग चिल्ला रहे थे। हादसा हुआ और मैं गिर गया। मैंने चारों तरफ आग देखी। दरवाज़ा नहीं खुल रहा था। हमने शीशा तोड़ा और बाहर निकलने की कोशिश की। लोगों ने दूसरों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग तेज़ी से फैल रही थी, इसलिए यह मुश्किल हो गया। गोकर्ण जा रही एक महिला बस एक्सीडेंट की वजह से कथित तौर पर लंबे ट्रैफिक जाम में फंस गई।

प्रधानमंत्री ने संवेदना व्यक्त की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चित्रदुर्ग बस दुर्घटना के पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आग में मारे गए यात्रियों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने की भी घोषणा की। कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कहा, मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान इस भयानक त्रासदी में जान गंवाने वालों की आत्मा को शांति दे, और घायल जल्द से जल्द पूरी तरह ठीक हो जाएं। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा कभी न हों।

तेलंगाना में भी पिछले महीने ऐसे हादसे में मारे गए थे 20 लोग 

तेलंगाना के रंगारेड्डी ज़िले में भी पिछले महीने नवंबर में इसी तरह का एक हादसा हुआ था, जिसमें हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर एक पैसेंजर बस की बजरी से भरे ट्रक से टक्कर हो गई थी और 20 लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया कि तेलंगाना स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की उस बस में 70 यात्री सवार थे। वह विकाराबाद ज़िले के तांदूर से हैदराबाद जा रही थी, तभी उसकी एक कंस्ट्रक्शन मटीरियल से लदे ट्रक से टक्कर हो गई। ट्रक पर लदी बजरी बस में गिर गई, जिससे कई यात्री दब गए।

ये भी पढ़ें : Jaipur Bus Fire: राजस्थान में बस में फिर लगी आग, 3 लोगों की मौत, 10 झुलसे