Operation Smile : कैथल पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत घरों में लाई मुस्कान

0
327
Kaithal Police Brings Smiles to Homes Under ‘Operation Smile’
जानकारी देते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन।
  • एक महीने में 206 गुमशुदा को ढूंढा, 15 भीख मांगने व बाल मजदूरी करने वाले बच्चों को करवाया रेस्क्यू

Operation Smile(आज समाज नेटवर्क)कैथल। अप्रैल माह में पुलिस विभाग द्वारा मानव तस्करी के खिलाफ और बंधुआ मजदूरों को रेस्क्यू करने के लिए स्पेशल अभियान ऑपरेशन स्माइल शुरू किया गया था, जिसके तहत गुमशुदा बच्चों और वयस्कों को खोजना और उनके परिवार से मिलवाया गया। इसी कड़ी में कैथल पुलिस द्वारा गुमशुदा महिलाओं व अन्य व्यक्तियों की भी तलाश कर उन्हें अपनों से मिलवाने का काम किया गया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि इस मुहिम दौरान कैथल पुलिस द्वारा अभियान के दौरान एक महीने में उल्लेखनीय कार्य करते हुए 206 गुम हुए व्यक्तियों को ढूंढा गया, जिनमें 43 बच्चे व 163 व्यस्क महिला/पुरुष शामिल है। इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा भीख मांगने व बाल मजदूरी के काम में लगे 15 बच्चों को रेस्क्यू करवा कर उनको अपनों से मिलवाया गया है।

एसपी ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से पुलिस का मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी के बारे में जागरूकता और नागरिकों को मानव तस्करी के बारे में किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर उसकी रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित करना है। एसपी ने कहा कि आमजन मानव तस्करी या अन्य गुमशुदा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना किसी देरी के नजदीकी पुलिस स्टेशन, पुलिस चौकी और पुलिस कंट्रोल रूम व डायल 112 पर दे सकते है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। कैथल पुलिस नागरिकों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।