मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान लोगों से की अपील
Punjab Breaking News (आज समाज), पटियाला : प्रदेश के सीएम भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से प्रदेश की जनता से अपील की है कि पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार को समाप्त करने के अभियान में सरकार का साथ दें। उन्होंने कहा कि आज सरकार पंजाब की आने वाली पीढ़ियों के वजूद की लड़ाई लड़ रही है और यह लड़ाई तभी जीती जा सकती है यदि प्रदेश का हर नागरिक इसमें सरकार का सहयोग दे। यहां अग्रवाल सभा द्वारा आयोजित समारोह के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इस नेक कार्य के लिए दिल से समर्थन देने का आह्वान किया ताकि पंजाब को देश का प्रगतिशील और अग्रणी राज्य बनाया जा सके।
नशे के खिलाफ जन आंदोलन की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ जंग को जन आंदोलन में बदलना होगा, जिसके लिए लोगों को कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों की लड़ाई है और इसका समर्थन करना हर किसी का नैतिक कर्तव्य है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक नशे का अभिशाप पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता।
नशा आज पंजाब के माथे पर कलंक
नशे के खिलाफ जंग में लोगों के पूर्ण सहयोग और समर्थन की मांग करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लानत राज्य के चेहरे पर एक कलंक है और इस लानत को मिटाने के लिए राज्य सरकार को रणनीति बनाने में दो साल से अधिक समय लगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अब नशे की आपूर्ति लाइन काट दी गई है और इन घिनौने अपराधों में शामिल बड़े मगरमच्छों को सलाखों के पीछे डाल दिया गया है, नशा पीड़ितों का पुनर्वास सुनिश्चित किया गया है और यहां तक कि नशा तस्करों की संपत्ति को भी जब्त करके नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ युद्ध के रूप में नशा विरोधी जंग शुरू की है, जिसका उद्देश्य राज्य से नशे को पूरी तरह साफ करना है।
मैं अपनी अंतिम सांस तक पंजाब के लिए लड़ता रहूंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अपने आखिरी सांस तक पंजाब और पंजाबियों के हितों की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने शनिवार को नई दिल्ली में हुई नीति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री के समक्ष पानी, यमुना सतलुज लिंक (वाई.एस.एल.), भाखड़ा ब्यास प्रबंधकीय बोर्ड (बी.बी.एम.बी.) की अतिरिक्त लागत, चंडीगढ़ और अन्य मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया था। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ पंजाबियों के हितों के रक्षक होने के नाते यह उनका नैतिक कर्तव्य है और वे हमेशा ऐसा करते रहेंगे।
ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : हथियारों सहित आशीष चोपड़ा गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार