जींद के जुलाना में स्थापना दिवस पर जननायक जनता पार्टी की प्रदेश स्तरीय रैली आज
JJP Rally, (आज समाज), जींद: हरियाणा के जींद में आज जननायक जनता पार्टी अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी की ओर से प्रदेश स्तरीय रैली का आयोजन कर किया गया है। रैली जींद के जुलाना विधानसभा क्षेत्र में रखी गई है। जुलाना कांग्रेस विधायक और रेसलर विनेश फौगाट का गढ़ है। जींद एक समय इनेलो का गढ़ रहा है। जाट बेल्ट होने के कारण जजपा ने यहां पर रैली रखी है। रैली के लिए 10 एकड़ में मैदान तैयार किया गया है। इसमें पार्किंग, पंडाल और मंच लगाया गया। वहीं कुर्सियों का रंग भी बदल दिया गया है। रैली स्थल नेशनल हाईवे- 352 पर जुलाना इंटरनल रोड के बीच तैयार किया गया है।

इससे आसानी से बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकें। रैली में क्षेत्रीय नेताओं के साथ जजपा सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, और दिग्विजय चौटाला भी शिरकत करेंगे। पूर्व बिजली मंत्री रणजीत चौटाला को भी रैली में शामिल होने का न्योता दिया गया है। मगर रणजीत चौटाला के रैली में शामिल होने पर संशय बना हुआ है। विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद रैली में भीड़ जुटाना जजपा के लिए बड़ी चुनौती होगी।

मुख्य मंच पर रहेगा चौटाला परिवार

रैली स्थल पर डबल मंच लगाया गया है। मुख्य मंच पर चौटाला परिवार रहेगा। इसी पर प्रदेशाध्यक्ष से लेकर पार्टी के मुख्य पदाधिकारी बैठेंगे। वहीं इसके नीचे जिलाध्यक्ष से लेकर अन्य मुख्य वर्कर बैठेंगे। इसके अलावा प्रमुख लोगों के बैठने के लिए मुख्य मंच की दाई तरफ अलग से एक और मंच लगाया गया है। इस मंच पर कलाकार प्रस्तुति देते नजर आएंगे। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि वह शहर में अपने चेक पॉइंट बनाएंगे, जिससे रैली में आने वाले लोगों की गिनती कर सकें।

सात साल पहले रखी गई थी जजपा की नींव

जजपा ने 7 साल पहले 9 दिसंबर 2018 को जींद के पांडु पिंडारा से रैली के साथ अपनी राजनीतिक शुरूआत की थी। 2019 में विधानसभा चुनाव हुए तो जजपा ने 10 सीटें जीती। भाजपा सरकार में किंग मेकर बने और मात्र 31 साल की उम्र में दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम बने। इसके बाद लोकसभा चुनाव से पहले जजपा-भाजपा का गठबंधन टूट गया। 7 विधायक भी जजपा से बागी हो गए।

ये भी पढ़ें: सीईटी को लेकर कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने भाजपा पर साधा निशाना