• सरकार कर रही है श्रमिकों के सम्मान और हितों में कार्य
  • डीआरडीए हॉल में आयोजित हुआ जिला स्तरीय श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह

Jind News (आज समाज) जींद। हरियाणा भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा डीआरडीए हॉल में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह का आयोजन रविवार को किया गया। इस कार्यक्रम में गुरूग्राम में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रदेश कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।  डिप्टी स्पीकर ने कहा कि राष्ट्र के विकास की आत्मा श्रमिक वर्ग है।

श्रमिक समाज की वह इकाई हैं जो बिना किसी अपेक्षा के अपने परिश्रम, निष्ठा और पसीने से राष्ट्र की नींव को मजबूती प्रदान करते हैं। उनके श्रम से सभ्यता, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का निर्माण होता है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नेतृत्व एक नवीन सोच, जनपक्षीय शासन और समावेशी विकास की दृष्टि को सार्थक करता है। सरकार श्रमिकों को केवल योजनाओं का लाभार्थी नही बल्कि सहभागी नागरिक के रूप में देखती है। एक ऐसा नागरिक जो राज्य के निर्माण में सहभागी है और जिसे राज्य भी पूर्ण सम्मान प्रदान करता है।

श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्तियां एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक गौरव योजना के अंतर्गत दीर्घकालिक सेवाएं, अनुकरणीय परिश्रम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने वाले श्रमिकों को राज्य स्तर पर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाता है। श्रमिकों के बच्चों को प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक विशेष रूप से तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा में छात्रवृत्तियां एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। स्वास्थ्य बीमा, विवाह सहायता, मातृत्व लाभ, मृत्यु सहायता,  दिव्यांग सहयोग, वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि जिन श्रमिकों के पास स्वयं का घर नहीं है, उन्हें आवासीय सहायता प्रदान कर सम्मानपूर्वक जीवन की ओर अग्रसर किया जा रहा है।

महिला श्रमिकों के लिए विशेष योजनाएं

महिला श्रमिकों के लिए विशेष योजनाएं मातृत्व अवकाश, प्रसूति सहायता के विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज के सबसे परिश्रमिक वर्ग में आते है और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शुमार है। राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधित उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं निरंतर चला रही है। इन योजनाओं से पंजीकृत श्रमिकों को बच्चों की शिक्षा सहायता, विवाह अनुदान, चिकित्सा सुविधा, प्रसूति लाभ, मृत्यु पर सहायता, आवास निर्माण सहायता, पैंशन योजना तथा कौशल विकास प्रशिक्षण जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है।

उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को भी कहा कि अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण हो ताकि पंजीकृत श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरलता से मिलता रहे। इसके लिए श्रम विभाग के अधिकारी गांव दर गांव कैम्प आयोजित करवाएं।  इस अवसर पर जींद के एसडीएम सत्यवान सिंह मान, श्रम विभाग के सहायक निदेशक नरेंद्र सिंह मान व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढे : Jind News : 1965 भारत-पाक युद्ध के वीर सेनानियों का किया सम्मान समारोह