• भूतपूर्व प्रधानमंत्री की 41वीं पुण्यतिथि पर हुई श्रद्धांजलि सभा, कांग्रेसजनों ने किया नमन

Jind News(आज समाज) जींद। कांग्रेस भवन में शुक्रवार को देश की भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नागरिकों ने पहुंच कर भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री को नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रिषिपाल हैबतपुर ने की और कार्यकर्ताओं को स्व. इंदिरा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रिषिपाल हैबतपुर ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, साहस और देशभक्ति की मिसाल था। उनकी कुर्बानी को देशवासी कभी भुला नही पाएंगे।

हर परिस्थिति में देशहित को रखा सर्वोपरि

देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए इंदिरा गांधी ने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने हर परिस्थिति में देशहित को सर्वोपरि रखा। चाहे 1971 का युद्ध हो या हरित क्रांति का नेतृत्व हो। इंदिरा गांधी ने भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रिषिपाल हैबतपुर ने कहा कि इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का नारा देकर देश के गरीब और वंचित वर्ग को आवाज दी। उन्होंने भारतीय राजनीति में महिला सशक्तिकरण की नींव रखी और विश्व स्तर पर भारत की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

रिषिपाल हैबतपुर ने इंदिरा गांधी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि 31 अक्टूबर 1984 को उन्होंने देश की एकता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। यह दिन हमें हमेशा देशभक्ति और निष्ठा का संदेश देता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रख कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की गई। कई वक्ताओं ने उनके विकास कार्यों, नीति निर्धारण और दृढ़ नेतृत्व की चर्चा की। सभी ने इंदिरा गांधी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इंदिरा गांधी केवल एक नाम नही बल्कि एक युग

अंत में जिला अध्यक्ष ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल एक नाम नही बल्कि एक युग थी। उनका जीवन हमें हमेशा देश सेवा, निडर नेतृत्व और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष बनारसी दास वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष बलराम कटवाल, महावीर गुप्ता, पवन दूहन, दिनेश डाहौला, अनिल जागलान, कमल चौहान, डॉ. सुरेश देव कौशिक, धर्मेंद्र, मनजीत दहिया, अनिल सैनी, सोनू खर्ब, सुरेंद्र तलोडा, सुरेश फौजी, जय सिंह सैनी, राममेहर मलिक नंबरदार,  जयसिंह सरपंच, सुभाषचंद्र, इशाक भट्टी, रामकुमार वाल्मीकि, जेपी रूहील, बलबीर पालवां, सुखीराम धरोदी, रामचंद्र जांगड़ा, जसवंत गिल, नारायणदत्त जांगड़ा समेत काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढे : Haryana Day : इंडस पब्लिक स्कूल जूनियर विंग में हर्षोल्लास से मनाया हरियाणा दिवस