• पीआर धान का इस वर्ष सरकारी रेट 2289 रुपये
  • 2020 क्विंटल 1509 किस्म का धान पहुंचा मंडी

Jind News (आज समाज) जींद। जिलेभर की अनाजमंडियों में धान खरीद का कार्य सोमवार से शुरू होगा। खरीद कार्य से पहले मंडियों में फसल लेकर आने वाले किसानों के लिए सभी सुविधाओं के दावे किए गए हैं।  जिले की जींद, नरवाना व सफीदों की मंडी में धान की आवक शुरू हो चुकी है। अभी तक खरीद नहीं होने से किसानों को डर था कि मंडी में धान बेचने के लिए कितना इंतजार करना होगा।

शहर की अनाजमंडी में शनिवार को पीआर धान लेकर किसान पहुंचे। मंडी में 260 किंव्टल पीआर धान तो 1509 की 170 किंव्टल की आवक हुई। अब पीआर धान को लेकर किसानों को उम्मीद है कि सोमवार को उनकी धान सरकारी रेट पर खरीदी जाएगी। जबकि धान 1509 को प्राइवेट बोली पर किसान बेचेंगे। फिलहाल मंडी में आने वाली धान में नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण प्राइवेट बोली पर भी नहीं खरीदी जा रही है।

धान खरीद के लिए नमी की मात्रा 17 प्रतिशत

मशीन से किसान धान को कटवा कर ला रहे हैं। इसके चलते इसमें नमी की मात्रा ज्यादा है। धान खरीद के लिए नमी की मात्रा 17 प्रतिशत होनी चाहिए। जबकि मंडी में आने वाली पीआर धान में फिलहाल 22 प्रतिशत से ज्यादा नमी है। इसके अतिरिक्त पीआर धान का इस वर्ष सरकारी रेट 2289 है।

धान खरीद को लेकर होगी किसानों को परेशानी

मंडी में सरकार ने धान खरीद का शेड्यूल 22 सितंबर से शुरू किया है। धान खरीद शुरू होने से पहले मंडियों को मिल अलॉट करने होते हैं। आढ़तियों को मिल की तरफ  से ही बारदाना देना होता है। इस बार अभी तक मंडियों को मिल अलॉट नहीं हुए जब तक मिल अलॉट नहीं होंगे। उस समय तक धान की खरीद शुरू नहीं हो पाएगी। बीते वर्ष जिले की मंडियों में 32 मिल धान की खरीद कर रहे थे।

मंडी में किसान धान को सुखा कर लाएं : सचिव संजीव कुमार

मार्केट कमेटी सचिव संजीव कुमार ने बताया कि मंडी में किसान धान को सुखा कर लाएं ताकि आते ही किसान की फसल बिक सके। अब किसान गेट पास अपने मोबाइल से भी काट सकता है और मंडी के गेट पर भी किसानों के गेट पास काटे जाएंगे। 22 सितंबर से धान खरीद शुरू होगी। किसानों के लिए मंडी में पेयजल, शौचालय व साफ -सफाई की व्यवस्था करवाई गई है।

यह भी पढ़े : Jind News : एशियाई कैडेट कप में प्राची सैनी ने भारत के लिए जीता गोल्ड