Jind News : डीसी ने किया गांव निडाना में औचक निरीक्षण

0
174
The Deputy Commissioner conducted a surprise inspection in Nidana village.
निरीक्षण करते हुए डीसी।
  • निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के भवन की वर्तमान स्थिति गंभीर मिली
  • जनसुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को लेकर जांची स्थिति
  • आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीसी

Jind News(आज समाज नेटवर्क) जींद। जनसुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा द्वारा गांव निडाना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जलघर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने संबंधित स्थलों की स्थिति का गहन अवलोकन किया तथा सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा.निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के भवन की वर्तमान स्थिति गंभीर पाई गई। भवन में सीलन, दीवारों व छत में दरारें, फर्श की जर्जर अवस्था तथा प्रकाश एवं वायु संचार की अपर्याप्त व्यवस्था को देखते हुए उपायुक्त ने मरीजों, विशेषकर महिला एवं बाल मरीजों, चिकित्सीय स्टाफ तथा आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत तत्काल एहतियाती कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए।

जनहित एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को अस्थायी रूप से किसी सुरक्षित सामुदायिक भवन अथवा धर्मशाला में स्थानांतरित किया जाए। इस संबंध में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को दो दिन के भीतर पंचायत से प्रस्ताव पारित करा कर अस्थायी स्थानांतरण की प्रक्रिया पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि अस्थायी स्थान पर ओपीडी, जांच, दवा वितरण तथा महिला एवं बाल मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक अस्थायी विभाजित कैबिनों का निर्माण शीघ्र करवाया जाए ताकि चिकित्सीय सेवाएं सुरक्षितए सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकें।

उपायुक्त ने सिविल सर्जन को भी निर्देश दिए कि उनकी प्रत्यक्ष निगरानी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को अस्थायी स्थान पर शीघ्र शिफ्ट किया जाए तथा वहां आवश्यक चिकित्सीय उपकरण, दवाइयां, फर्नीचर, अभिलेख एवं स्टाफ की सुरक्षा से संबंधित समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं ताकि स्थानांतरण के दौरान एवं बाद में ग्रामीणों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियन्ता को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र निडाना के निर्माणाधीन नए भवन के कार्य में तेजी लाने तथा नियमित निगरानी करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर जिला प्रशासन को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीसी ने जलघर का किया निरीक्षण

इसके पश्चात उपायुक्त द्वारा गांव निडाना स्थित जलघर का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जलघर परिसर एवं वहां स्थित तालाबों की स्थिति का अवलोकन किया गया। उपायुक्त ने जलघर परिसर में साफ.-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि तालाबों के आसपास उगी अनावश्यक घास व झाडिय़ों को तुरंत हटवाया जाए तथा तालाब के पानी की नियमित सफाई एवं उचित रख.रखाव सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलघर परिसर की नियमित निगरानी, साफ.-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत के लिए स्थायी व्यवस्था लागू की जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग को समयबद्ध रूप से सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे गांववासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की निरंतर आपूर्ति बनी रहे। निरीक्षण के दौरान जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुरेंद्र खत्री, उपमंडल अभियन्ता सतीश कुमार, चिकित्सा अधिकारी एवं इंचार्ज, गांव निडाना के सरपंच भूपेंद्र, गांव पांडू पिंडारा के सरपंच कुलदीप सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े:- Raids on cosmetic shops : जिला ड्रग कंट्रोलर ने कॉस्मेटिक दुकानों पर की छापेमारी