• डॉ. पुष्पा तायल को उपाध्यक्ष से महामंत्री बनाया, गौरव भारद्वाज को नीचे भेज बनाया उपाध्यक्ष

(Jind News) जींद। भाजपा जिलाध्यक्ष तिजेंद्र ढुल द्वारा बुधवार को भाजपा कार्यकारिणी की लिस्ट में 24 घंटे भीतर ही बदलाव कर दिया है। गुरूवार को महिला उपाध्यक्ष बनाई गई पुष्पा तायल को महामंत्री बना दिया गया तो वहीं महामंत्री बनाए गौरव भारद्वाज को उपाध्यक्ष बनाया गया है। बुधवार दोपहर को भाजपा के जिला प्रधान तेजेंद्र ढुल ने जिला कार्यकारिणी की घोषणा की थी। इसमें 23 पदाधिकारियों के नाम शामिल थे।

जिनमें डॉ. पुष्पा तायल समेत सात कार्यकर्ताओं को उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके साथ ही गौरव भारद्वाज, जितेंद्र को महामंत्री तथा सात सचिव नियुक्त किए थे। गौरव भारद्वाज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भाजपा आलाकमान का आभार भी जता दिया था लेकिन गुरूवार को दोबारा से लिस्ट जारी हुई और इसमें उपाध्यक्ष नियुक्त की गई पुष्पा तायल को महामंत्री बनाया गया और महामंत्री बने गौरव भारद्वाज को नीचे लाकर उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया।

संगठन का फैसला

इस मामले में भाजपा के जिला प्रधान तेजेंद्र ढुल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह संगठन का फैसला है। वहीं गौरव भारद्वाज ने कहा कि अभी तक उनकी आलाकमान से बात नहीं हो पाई है। उन्हें भी नहीं पता कि उन्हें क्यों हटाया गया है। इस मामले में वह आलाकमान से बात करेंगे। पुष्पा तायल ने कहा कि उन्हें सीधा लैटर ही मिला है। जिसमें उपाध्यक्ष से महामंत्री नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि जुलाना क्षेत्र में पुष्पा तायल काफी समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं।

यह भी पढ़े : Income Tax Update : आयकर ई-फाइलिंग पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के लिए आधार सत्यापन अनिवार्य