- प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2014 के बाद से पिछले 11 वर्षों में देश संविधान के अनुरूप चला : डॉ. मिड्ढा
- कांग्रेस द्वारा देश में लोकतंत्र की हत्या करने का लंबा इतिहास रहा
(Jind News) जींद। स्थानीय पंजाबी धर्मशाला में बीजेपी द्वारा बुधवार देर सायं को आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर काला दिवस के रूप में मनाया। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ . कृष्ण मिड्ढा ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की । इस अवसर पर उनके साथ सोनीपत के भाजपा से ललित बत्तरा विशेष वक्ता के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेंद्र ढुल, कैप्टन योगेश बैरागी, अविनाश चावला, राधेश्याम चिल्लाना, नंदलाल मिगलानी, संजय धवन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा देश में लोकतंत्र की हत्या करने का लंबा इतिहास रहा है। साल 1975 में आज के ही दिन कांग्रेस के द्वारा लगाया गया आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। इस दिन को कभी भी भुलाया नही जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक परिवार के सत्ता सुख के लिए 21 महीनों तक देश में सभी प्रकार के नागरिक अधिकार निलंबित कर दिए थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया कार्यालयों की बिजली काट कर उन पर पाबंदी लगा दी थी। संविधान में बदलाव किए।
राहुल गांधी शायद भूल गए हैं कि उनके पूर्वजों ने हमेशा संविधान का गला घोंटने का काम किया : डॉ. मिड्ढा
आपातकाल के खिलाफ संसद से सड़क तक आंदोलन करने वाले असंख्य सत्याग्रहियों, समाजसेवियों, श्रमिकों, किसानों, युवाओं व महिलाओं ने संघर्ष किया, जिनको वो नमन करते हैं। गौरतलब है कि 25 जून 1975 को रात्री के 12 बजे ही तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल की घोषणा की थी। इस दिन को 50 वर्ष पूरे होने पश्चात इसी संदर्भ में भाजपा 25 जून को आपातकाल काला दिवस के रूप में मना रही है। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि राहुल गांधी शायद भूल गए हैं कि उनके पूर्वजों ने हमेशा संविधान का गला घोंटने का काम किया है।
उन्हें देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी का इतिहास रहा है कि उन्होंने अपने स्वार्थ के लिए हमेशा संविधान के साथ छेड़छाड़ करने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता जो संविधान की काली करतूत को छुपाने के लिए आज संविधान की कॉपियां लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक क्रांतिकारी वीरों के सपनों का भारत बनाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। आजाद भारत के बाद जिस गति से देश आगे बढऩा चाहिए था, उस गति से नहीं बढ़ा। कांग्रेस के 55 साल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल के कार्यकाल में विकसित भारत के अंतर को साफ देखा जा सकता है लेकिन कांग्रेस को यह अंतर नजर नहीं आ रहा है। वे केवल संविधान की किताब उठाकर घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ये देश बदला है और गति से आगे बढ़ रहा है। जिन नायकों ने देश को आजाद करवाने के लिए अपनी कुर्बानियां दी, उनके सपनों का भारत बन रहा है। सोनीपत से बीजेपी के वरिष्ठ नेता ललित बत्तरा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया है कि जब आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे तो भारत विकसित राष्ट्र बने और इस संकल्प की सिद्धि में देश के हर व्यक्ति के योगदान की आवश्यकता है।
25 जून 1975 कभी न भूलने वाला दिन
25 जून 1975 लोकतंत्र का काला दिवस कभी न भूलने वाला दिन था। आम जनता को बिना कसूर के जेलों में ठोक दिया गया था। जो कांग्रेस पार्टी आज संविधान की बात करती है, उनको ज्ञात होना चाहिए कि सर्वप्रथम अगर इस देश में किसी ने संविधान को खंडित करने का काम किया तो वह कांग्रेस पार्टी थी।
देश में इमरजेंसी जैसे कानून पास करना यह किसी और ने नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी ने किया था। भाजपा जिलाध्यक्ष तिजेंद्र ढुल ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने और सरकार बनाने तक सीमित नही बल्कि एक जीवनशैलीए एक बहुमूल्य प्रणाली है। इस अवसर पर मुख्यअतिथि द्वारा आपातकालीन के दौरान याचना सहने व जेल जाने वाले मौके पर उपस्थित संतलाल चुघ, ओमप्रकाश शर्मा, पुरूषोत्तम बागड़ी को शॉल देकर सम्मानित किया।
यह भी पढ़े : Jind News : नशा समाज के लिए दीपक समान : डॉ. पूनम