• मुख्यमंत्री के अंदर राजशाही प्रवृत्ति आ चुकी : नैन

Jind News (आज समाज) जींद। बिनैण खाप के प्रधान रघुवीर सिंह नैन ने कहा कि मुख्यमंत्री सात सितंबर को नरवाना क्षेत्र में आए थे लेकिन उन्होंने न तो किसी बाढ़ प्रभावित गांव का दौरा किया और न ही जनप्रतिनिधियों को साथ लिया। बलियाला हैड पर फोटो खिंचवा कर वापस चले गए। उम्मीद कर रहे थे कि मुख्यमंत्री एक किसान पुत्र हैं और किसानों की पीड़ा समझेंगे लेकिन उनके अंदर अब राजशाही प्रवृत्ति आ चुकी है।

बिनैण खाप के प्रधान रघुवीर सिंह नैन रविवार को नरवाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। नैन ने कहा कि हरियाणा के अनेक हिस्सों में हुई भारी बारिश ने जबरदस्त तबाही मचाई है। नरवाना क्षेत्र और आसपास के गांवों में हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि खेतों में अभी भी आठ-आठ फुट तक पानी भरा हुआ है। बाढ़ के कारण फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और आगामी रबी की बुआई भी संकट में पड़ गई है।

गांवों में फसलें तबाह और  सैंकड़ों गरीबों के मकान पूरी तरह ढह चुके

आठ-आठ फुट पानी में डूबी फसलें, तबाह हुए मकान, सरकार का कोई ठोस कदम नही है। नैन ने कहा कि खाप क्षेत्र के कई गांव इस्माइलपुर, फरैण, कलोदा, भिखेवाला,  दनोदा, सैंथली, लितानी, हसनगढ़ बाढ़ की गंभीर चपेट में हैं। इन गांवों में न केवल फसलें तबाह हुई हैं बल्कि सैंकड़ों गरीबों के मकान पूरी तरह ढह चुके हैं। रघुवीर नैन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घोषित 3.26 करोड़ की राहत राशि पूरी तरह से नाकाफी है।

इससे तो एक गांव की भी भरपाई नही हो सकती है। उन्होंने चेताया कि 20 सितंबर को सर्वजातीय महापंचायत करने का बड़ा फैसला लिया है। अगर सरकार ने उनकी मांगों को अनदेखा किया तो 20 सितंबर को सर्वजातीय महापंचायत में अहम निर्णय लिया जाएगा। यह पंचायत बिनैण खाप के चबूतरे पर होगी। इस मौके पर कैशियर बलजीत सिंह, महामंत्री डॉ. प्रीतम सिंह, भगत सिंह कन्हडी, संदीप आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़े :  Jind News : हरिद्वार में सीआईए कर्मी को गोली मारने के आरोपित ने खुद को मारी गोली