• मीठी आवाज में बात करके फंसाते जा रहे थे लोगों को

Jind News(आज समाज) जींद। साइबर थाना पुलिस ने मेटरीमोनियल के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में इनके पास से 90 मोबाइल फोन मिले हैं। यह आरोपित प्रतिदिन सिम बदलते थे। इनके पास तीन महिलाएं 30 से 30 साल के बीच की आयु की हैं। ऐसे में मीठी आवाज से लोग जल्द इनके जाल में फंस जाते थे।

गिरोह में तीन महिलाएं भी शामिल

पुलिस पूछताछ में आरोपितों की पहचान इंदौर निवासी रितु नामदेव, प्रमिला रोकड़े, प्रिया रोकड़े, सूरज धार्मिक शामिल हैं। इनके अलावा इनका एक और मास्टर माइंड है जो अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। जल्द ही पुलिस आरोपितों को इंदौर ले जाकर भी पूछताछ करेगी। इस गिरोह में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

इनकी आयु 30 से 35 साल के बीच है। ऐसे में यह महिलाएं खुद को शादी के लायक लड़की बता कर बात करती थी। इनमें से एक महिला इनकी मां बन कर बात करती थी। ग्राहक को फंसाने के लिए मां अपनी बेटियों से बात करवाती थी। इसके बाद फोन काल करने वाले को आसानी से विश्वास हो जाता था। विश्वास पक्का हो जाता तो यह रजिस्ट्रेशन के नाम से 3500 रुपये की फीस वसूल करते थे।

यह है मामला

अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयबीर सिंह ने 16 फरवरी को साइबर थाना में शिकायत दी थी। वह अपने बेटे के लिए वधु की तलाश कर रहे थे। 10 फरवरी को उनके पास अज्ञात नंबर से काल आई थी। इसके बाद अलग-अलग नंबरों से काल आई। आरोपितों ने मेटरोमोनियल  साइट की फीस के नाम पर दो बार 3500-3500 रुपये ठग लिए। फोन करने वाली एक महिला ने खुद को लड़की की मां बन कर बात की। साइबर थाना पुलिस तभी से इस मामले की जांच में जुटी थी। जांच में सामने आया कि यह एक पूरा गिरोह है। जो मध्यप्रदेश के इंदौर से फर्जी काल सेंटर चलाता है। इसके बाद पुलिस ने चारों को काल सेंटर से ही गिरफ्तार किया।

एक ग्राहक को दो से तीन बार ठगते थे

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह एक ग्राहक को कम से कम दो बार जरूर ठगता था। बार-बार सिम बदल कर और नाम बदल कर यह महिलाएं फोन कॉल करती थी और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे डलवाती थी। पुलिस को इनके पास से कई बैंकों की पासबुक मिली है। इसके अलावा चार क्यूआर कोड भी मिले हैं। इससे साफ  है कि यह गिरोह एक ही व्यक्ति से अलग.अलग बैंक खातों में पैसे डलवा लेता था  ताकि काल करने वाले को कोई संदेह नहीं हो।

एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि साइबर ठग आजकल ठगी करने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। पुलिस लोगों को लगातार जागरूक करती है। किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत करते समय पूरी सावधानी रखनी चाहिए। किसी भी अंजान व्यक्ति पर विश्वास नहीं करना चाहिए। पुलिस लगातार साइबर ठगों को काबू करने का प्रयास कर रही है। इंदौर से चार आरोपित पकड़े गए हैं। इनसे पूछताछ जारी है।

यह भी पढे : Jind News : राजकीय महिला महाविद्यालय में दो दिवसीय महोत्सव शुरू