- 14 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, 90 प्रतिशत पूरा
(आज समाज) जींद। बीड़ बड़ा वन में सोमवार को 76वां जिलास्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम, उचाना के विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री तथा विधानसभा उपाध्यक्ष के प्रतिनिधि के तौर पर उनके बेटे डा. रूद्राक्ष मिड्ढा ने कार्यक्रम में शिरकत की और पौधारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में पर्यावरण सरंक्षण पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि धरती पर पेड़ों के बिना जीवन संभव नही है। प्रकृति में अगर पेड़ नही होंगे तो कुछ भी नही होगा। पेड़ों से जहां हमें जीवनयापी ऑक्सीजन मिलती है, वहीं फल, छाया तथा औषधियां भी प्राप्त होती हैं। पेड़ बरसात लाने में भी सहायक होते है। अच्छी बरसात होने से जमीन का भूजल स्तर पर बढ़ता है। हम सभी को जब भी मौका मिले तो पौधारोपण करना चाहिए।
पेड़ों का हमारे जीवन में बहुत महत्व
इतना ही नही पौधारोपण कर उसका संरक्षण भी करना जरूरी है। आने वाली पीढ़ी को अगर एक अच्छा पर्यावरण देना है तो आज अधिक से अधिक पौधारोपरण करना होगा। कार्यक्रम में उचाना के विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री ने कहा कि पेड़ों का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में गंभीरता दिखाते हुए एक पेड़ मां के नाम मुहिम शुरू की है, जो कि पर्यावरण संरक्षण के लिए विश्व की सबसे बड़ी मुहिम है। वर्तमान परिवेश में सभी को पौधारोपण करना चाहिए। हर व्यक्ति एक पेड़ मां के नाम लगा कर उसके बड़ा होने तक सरंक्षण करें। पेड़ मां के आंचल सी शीतलता देता है।
प्रकृति मां का आंचल
प्रकृति मां का आंचल है और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इस धरती को आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित रखा जा सके। इस तरह के कार्यक्रमों से सभी को प्रेरणा मिलती है। हमें प्रकृति से खिलवाड़ नही करना चाहिए। आज पेड़ों की कम संख्या के चलते हम ग्लोबल वार्मिंग का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधा रोपण करने का आह्वान किया। रूद्राक्ष मिड्ढा ने कहा कि पेड़ हमारा सच्चा साथी है। जो कि हमें फल, छाया और अन्य जीवनोपयोगी महत्वपूर्ण चीजें प्रदान करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम एक पेड़ मां के नाम से जुड़ कर निरंतर पौाधारोपण करना चाहिए।
हमारी धरा पर जितने अधिक पेड़, पौधे होंगे उतना ही स्वच्छ पर्यावरण हमें मिलेगा। जिला वन मंडल अधिकारी पवन ग्रोवर ने कहा कि विभाग द्वारा करीब सवा 14 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें से 90 प्रतिशत पौधारोपण का कार्य पूरा कर लिया गया है। सरकार द्वारा पौधा रोपण व उसके संरक्षण के लिए कई प्रकार की योजनाएं चलाई गई हैं।
प्राणवायु देवता योजना के तहत 75 वर्ष से ऊपर के पेड़ों के रखरखाव के लिए सरकार द्वारा तीन हजार रुपये दिए जाते हैं। जिला में योजना के तहत 150 पेड़ों की देखरेख के लिए पूर्व में राशि दी गई थी और अब 115 और पेंड़ों का चयन कर मुख्यालय रिपोर्ट भेजी गई है। इस अवसर पर उपपुलिस अधीक्षक संदीप कुमार, डीएफओ हिसार चरणजीत सिंह, आरएफओ अमित शर्मा, अश्वनी कुमार, राहुल कुमार, विष्णु बागड़ी तथा वन्य जीव प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे स्कूल के विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बच्चों की इको क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहे लक्की, दूसरे स्थान पर आयुष तथा तीसरे स्थान पर आदित्य को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार 6वीं से 8वीं कक्षा के बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर लीमा, दूसरे स्थान पर गीतिका तथा तीसरे स्थान पर रही कुश को सम्मानित किया गया। कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों में वंशिका प्रथम, दिव्यांशी द्वितीय तथा नैंसी को तृतीय स्थान मिलने पर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़े : ind News : गांवों में पेयजल और कनैक्शन की स्थिति जांचने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग करवाएगा सर्वे