Jalandhar Breaking: धमाकों के बाद पंजाब में एपीजे स्कूल को उड़ाने की धमकी

0
175
Jalandhar Breaking
Jalandhar Breaking: धमाकों के बाद पंजाब में एपीजे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी

Jalandhar Breaking,(आज समाज), चंडीगढ़: दहशतगर्द पंजाब में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में नजर आ रहे हैं। कुछ अंतराल के बाद राज्य में कहीं विस्फोट तो किसी संस्थान को बम से उड़ाने की धमकियां आम हो गई हैं। हाल ही में जालंधर में बीएसएफ चौक के पास एक एक्टिवा में आईईडी धमाका हुआ था। उसी शाम को अमृतसर में धमाका हुआ था। इसके बाद गुरुवार को जालंधर में बीएमसी चौक स्थित एपीजे स्कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली जिससे हड़कंप मच गया। इसी स्कूल में आज मुख्यमंत्री भगवंत मान एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करने वाले थे।

नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

गौरतलब है कि हाल ही के महीनों में पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के अलावा राज्य के अन्य स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल मिल चुके हैं। सूबे के मुख्यमंत्री मान के दौरे से पहले स्कूल को मिली उड़ाने की धमकी से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। धमकी के बाद पुलिस व प्रशासन की टीमोंने जांच की। हालांकि अब तक कुछ संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

स्कूल परिसर में मच गई अफरा-तफरी

एपीजे स्कूल को मिली धमकी के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता के मद्देनजर संबंधित विभागों को भी सूचित किया गया और स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन सभी छात्रों को छुट्टी देकर घर भेज दिया। सूचना पर पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्तों पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

पहले ही अलर्ट थीं सुरक्षा एजेंसियां 

बता दें कि स्कूल में सीएम मान के प्रस्तावित दौरे के कारण सुरक्षा एजेंसियां पहले ही अलर्ट थीं। कार्यक्रम से ठीक पहले धमकी भरे ई-मेल ने इंतजामों पर सवालिया निशान लगा दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शरारत किसने की है, यह जांचने के लिए ई-मेल के आईपी एड्रेस का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। सूबे के स्कूलों को लगातार मिल रही धमकियां के चलते माता-पिता बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

यह भी पढ़ें : Bomb Threats: उत्तर प्रदेश के आगरा और मेरठ में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी