पिछले साल के मुकाबले इस बार जून में हुई ज्यादा बारिश
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की एंट्री हो चुकी है। पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के कारण सब जगहों पर बारिश होगी। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में बारिश होने होने का अलर्ट जारी किया है। इस बार मानसून 5 दिन पहले आया है, इस वजह से मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस बार ज्यादा बारिश होगी। जून महीने के 26 दिनों में पिछले साल के मुकाबले ज्यादा बारिश हो चुकी है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि सामान्य तौर पर प्रदेश में 29-29 जून को मानसून की एंट्री होती है। इस बार यह 23-24 जून को हरियाणा में प्रवेश कर गया। ऐसे में सामान्य से अधिक बारिश होने के पूरे आसार हैं।

अब तक जून में हो चुकी 51.2 एमएम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 2024 के जून महीने में हरियाणा में 29.3 मिमी बरसात हुई थी, जबकि आमतौर पर पूरे जून महीने में 55.3 मिमी बारिश होती है, यानी पिछले साल 47% कम बारिश हुई थी। वहीं इस साल यानी 2025 की बात करें तो 1 जून से 26 जून तक ही हरियाणा में 51.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि इस समय तक आमतौर पर 42.5 मिमी बारिश होती है।

पलवल रहा सबसे अधिक गर्म जिला

हरियाणा के अधिकतम तापमान में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य के नजदीक पहुंच गया है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला पलवल रहा। पलवल का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

यह भी पढ़े : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में रेवाड़ी का युवक गिरफ्तार