मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में जताई है बारिश होने की संभावना
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज पूरे हरियाणा में बारिश होने की संभावना जताई है। आज सुबह से ही पानीपत, सोनीपत, जींद, यमुनानगर, करनाल और कैथल में बारिश हो रही है। झज्जर में भी हल्की बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है। कुरुक्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी सुबह के समय हल्की बारिश हुई। फिलहाल हिसार और कुरुक्षेत्र में बादल छाए हुए है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 2 बजे तक रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, जींद, यमुनानगर मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। जींद में बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है।

मौसम विभाग ने 21 अगस्त पर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। अगर बात अब तक हुई बारिश की करें तो सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर (752.6 एमएम) में हुई है। इसके बाद महेंद्रगढ़ (562 एमएम) और नूंह (542 एमएम) का नंबर आता है।

सिरसा में हुई सबसे कम बारिश

सबसे कम बारिश सिरसा में (155.2 एमएम) दर्ज की गई है। फिलहाल सिरसा सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां रविवार को तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं अंबाला, फतेहाबाद, जींद, कैथल, करनाल, पंचकूला और सोनीपत जैसे 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 3% ज्यादा बारिश हो चुकी है।

हथिनीकुंड बैराज के सभी फ्लड गेट खोले, मारकंडा नदी भी उफान पर

हथिनीकुंड बैराज के सभी फ्लड गेट खोल दिए गए हैं और पूर्वी व पश्चिमी यमुना नहरों की पानी की सप्लाई को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी ओवरफ्लो है। शाहबाद के निकट कई गांवों में मारकंडा नदी का पानी घुस चुका है।

इसके अलावा यमुनानगर के भी कई गांवों में सोमनदी का तटबंध टूटने से पानी घुस चुका है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है। लोगों को पानी के पास नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।

बढ़ सकता है यमुना का जलस्तर

यमुनानगर में सोम, पथराला और शुकरों जैसी बरसाती नदियां व नाले ताजेवाला से आगे यमुना में मिलने के कारण पानी का स्तर फिर बढ़ सकता है। फिलहाल यमुना का जलस्तर 116881 क्यूसेक दर्ज किया गया है।

रविवार शाम को हथिनीकुंड बैराज पर यमुना का जलस्तर 1,78,996 क्यूसेक तक पहुंच गया था। इसका असर पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद से लेकर दिल्ली तक दिखेगा। आज सुबह 7 बजे  हथिनीकुंड बैराज में  58 हजार क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है। हालांकि अभी भी फ्लड गेट खुले हुए हैं।

ये भी पढ़ें : उत्तर भारत में बाढ़ ने मचाया कोहराम