कहा, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली में 11 जगह पर होंगे आयोजन

Delhi CM News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आयुर्वेद की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह हमारी प्राचीन चिकित्सा विधि थी। जिसे पूरे विश्व ने अपनाया। इस अवसर पर उन्होंने आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया। वे शालीमार बाग स्थित महर्षि आयुर्वेद अस्पताल में सोमा-द आयुर्वेदिक किचन का उद्घाटन अवसर दौरान लोगों को संबोधित कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि आज विश्वभर से लोग भारत के आयुर्वेद पर भरोसा जताते हैं और आज दिल्ली उनके इलाज के लिए प्रमुख केंद्र बन चुका है।

सीएम यमुना तट पर करेंगी योग

रेखा गुप्ता ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली सरकार पहली बार 11 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित करेगी और वे स्वयं यमुना तट पर योग कार्यक्रम में भाग लेंगी। सीएम ने एम्स आयुर्वेद से लेकर अन्य सरकारी और निजी आयुर्वेदिक संस्थानों की सराहना की और कहा कि ये संस्थान न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को संभाल रहे हैं बल्कि उसे आगे भी बढ़ा रहे हैं।

गुप्ता ने कहा कि भारत को यह सौभाग्य प्राप्त है कि यहां एलोपैथी के साथ-साथ आयुर्वेद, योग और अन्य वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों का विशाल और वैज्ञानिक ज्ञान मौजूद है, जो हजारों वर्षों से हमारे ग्रंथों और परंपराओं में संरक्षित है। इन पद्धतियों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है। मुख्यमंत्री ने सभी चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और संस्थानों से आह्वान किया कि वे इस धरोहर को आगे बढ़ाएं और इसके लिए सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग करेगी।

सीएम ने योग कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की

मुख्यमंत्री ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार पहली बार 11 अलग-अलग स्थानों पर बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने बताया कि आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वे खुद यमुना तट पर योग कार्यक्रम में भाग लेंगी और वहीं से दिल्लीवासियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और जीवनशैली को अपनाने का संदेश देंगी।