Iran Israel War Update: इजराइल ने तेहरान, इस्फहान समेत कई शहरों को निशाना बनाया

0
171
Iran Israel War Update: इजराइल ने तेहरान, इस्फहान समेत कई शहरों को निशाना बनाया
Iran Israel War Update: इजराइल ने तेहरान, इस्फहान समेत कई शहरों को निशाना बनाया

ईरान बोला- जब तक हमले जारी हैं, तब तक बातचीत की कोई गुंजाइश नहीं
Iran Israel War Update, (आज समाज), तेल अवीव/तेहरान: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग का आज दसवां दिन है। इजराइल ने एक बार फिर ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू किए हैं। इजराइली सेना के मुताबिक राजधानी तेहरान, इस्फहान और दक्षिणी इलाकों में ईरानी शासन से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक किए जा रहे हैं।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जब तक हमले जारी हैं, तब तक बातचीत की कोई गुंजाइश नहीं है और ईरान निर्णायक जवाब देने पर ध्यान दे रहा है। लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में भी कई एयरस्ट्राइक की खबरें सामने आई हैं।

खामेनेई के बेटे मुजतबा घायल

इस बीच टाइम्स आॅफ इजराइल ने बताया कि ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई घायल हो गए हैं। उन्हें बीती रात ईरान का नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया था।

लेबनान में रूसी कल्चर सेंटर तबाह

दक्षिणी लेबनान के नबातियेह में इजराइल के हवाई हमले में रूसी कल्चर सेंटर पूरी तरह तबाह हो गया। शुरूआती रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है। बताया गया कि इजराइल ने नबातियेह इलाके में एयरस्ट्राइक किए, जिनमें कल्चर सेंटर की इमारत नष्ट हो गई। रूस की सरकारी एजेंसी रोससोट्रुडनिचेस्ट्वो के प्रमुख येवगेनी प्रिमाकोव ने कहा है कि इस घटना को लेकर जल्द आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

हिजबुल्लाह ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर को बधाई दी

लेबनान के सशस्त्र संगठन हिजबुल्लाह ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैयद मुजतबा खामेनेई को बधाई दी है। उनकी नियुक्ति पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद हुई है। हिजबुल्लाह ने अपने बयान में ईरान की असेंबली आॅफ एक्सपर्ट्स की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिका और इजराइल के हमलों के बावजूद नए नेता का तेजी से चयन किया गया।

संगठन ने कहा कि मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति से ईरान के दुश्मन निराश और भ्रमित हो गए हैं। हिजबुल्लाह ने अपने बयान में कहा कि वह ईरान के नए नेतृत्व के प्रति अपनी निष्ठा दोहराता है और इस रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ता रहेगा।

रेड सी में 2 युद्धपोत भेजेंगा फ्रांस

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि उनका देश लाल सागर में यूरोपीय संघ के नौसैनिक मिशन एस्पाइड्स के तहत दो युद्धपोत भेजेगा। इसका मकसद समुद्री मार्गों और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मैक्रों ने कहा कि यह मिशन पूरी तरह रक्षात्मक और एस्कॉर्ट प्रकृति का होगा।

इसके तहत फ्रांस के फ्रिगेट जहाजों की सुरक्षा और निगरानी का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मिशन को यूरोपीय और गैर-यूरोपीय देशों के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है। यह बयान उन्होंने साइप्रस में ग्रीस के प्रधानमंत्री और साइप्रस के राष्ट्रपति के साथ बैठक के बाद दिया।

बहरीन में भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी

मिडिल-ईस्ट में जारी जंग के बीच भारत ने बहरीन में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने लोगों से सतर्क रहने, सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक दूतावास और बहरीन के स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी अपडेट और निर्देशों पर नजर रखें और उसी के अनुसार कदम उठाएं। भारतीय दूतावास ने यह भी साफ किया कि बहरीन में उसका कामकाज सामान्य रूप से जारी है और जरूरत पड़ने पर नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

ईरान की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को शरण दे आॅस्ट्रेलिया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आॅस्ट्रेलिया से अपील की है कि वह ईरान की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को शरण दे। ट्रम्प ने कहा कि अगर उन्हें ईरान वापस भेजा गया तो उनकी जान को खतरा हो सकता है और यह एक बड़ी मानवीय गलती होगी। यह मामला आॅस्ट्रेलिया में चल रहे महिला एशियन कप के दौरान सामने आया। दरअसल 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद महिला टीम ने राष्ट्रगान नहीं गाया था, जिसे सरकार के खिलाफ विरोध के रूप में देखा गया।

इसके बाद ईरानी मीडिया में खिलाड़ियों को ‘देशद्रोही’ बताया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि अगर इन खिलाड़ियों को ईरान भेजा गया तो उन्हें गंभीर सजा का सामना करना पड़े या उनकी जान भी जा सकती है। ट्रम्प ने कहा कि अगर आॅस्ट्रेलिया खिलाड़ियों को शरण देने के लिए तैयार नहीं है, तो अमेरिका उन्हें आश्रय देने के लिए तैयार है।

जंग में 7वां अमेरिकी सैनिक मारा गया

ईरान के साथ जारी युद्ध में सातवां अमेरिकी सैनिक मारा गया है। अमेरिकी सेना ने बताया कि मृतक की पहचान 26 वर्षीय सार्जेंट बेंजामिन पेनिंगटन के रूप में हुई है। सेना के मुताबिक पेनिंगटन हालिया हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

लेबनान में इजराइली हमलों से 486 लोगों की मौत

लेबनान में इजराइल के लगातार हमलों के बीच मौत का आंकड़ा बढ़कर 486 पहुंच गया है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 2 मार्च से अब तक 1,313 लोग घायल भी हुए हैं।