कहा, मजीठिया निम्न स्तर की राजनीति करने पर उतरे

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़/जालंधर। पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अपनी कुछ निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने पर शिअद नेता बिक्रम जीत सिंह मजीठिया की कड़ी आलोचना की है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि विपक्षी नेता उनकी व्यक्तिगत और राजनीतिक प्रतिष्ठा को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस कृत्य को राजनीति का निम्न स्तर बताया और कहा कि इसका उद्देश्य एक महिला की इज्जत खराब करना और दलित समुदाय के नेताओं को निशाना बनाना है।

शिअद नेता ने किया महिलाओं का अपमान

डॉ. रवजोत सिंह ने कहा सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर जनता को गुमराह करने और मुझे बदनाम करने का एक अपमानजनक और अनैतिक प्रयास है। यह महिला किसी की बेटी, मां या बहन है। यह कृत्य न केवल मुझ पर हमला है, बल्कि सभी महिलाओं का अपमान है। इस तरह की रणनीति ऐसे नेताओं द्वारा की जाने वाली निम्न स्तर की राजनीति का प्रतिबिंब है। डॉ. रवजोत ने मजीठिया पर सत्ता में अपने कार्यकाल के दौरान एससी और दलित समुदाय पर अत्याचार करने भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप सरकार एससी और दलित समुदायों की समर्थक रही है, जिसका सबूत एडवोकेट जनरल के कार्यालय में आरक्षण लागू करने जैसी ऐतिहासिक पहल है।

गरिमा को ठेस पहुंचाने की चाल

डॉ. रवजोत ने कहा कि ये कदम उनके जैसे नेताओं के लिए असहनीय हैं, जो दलित समुदाय की प्रगति को बर्दाश्त नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि यह बदनामी अभियान पंजाब में अनुसूचित जाति के नेताओं और मंत्रियों की छवि को धूमिल करने की सोची-समझी चाल है। यह अनुसूचित जाति के नेताओं की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने का एक प्रयास है। मजीठिया और उनकी पार्टी ने बार-बार हमारे नेताओं को निशाना बनाया है। लेकिन वे हमारे समावेशी विकास के मिशन को पटरी से उतारने की अपनी कोशिशों में सफल नहीं होंगे। डा. रवजोत ने मजीठिया जैसे नेताओं के पाखंड को उजागर करते हुए कहा ये नेता सार्वजनिक रूप से खुद को धार्मिक और धर्मपरायण बताते हैं, लेकिन बंद दरवाजों के पीछे इस तरह की शर्मनाक हरकतें करते हैं। उनकी हरकतें सिख मूल्यों और नैतिकता पर एक दाग हैं।

ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : एसएफजे का कार्यकर्ता रेशम सिंह गिरफ्तार