इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची
Iran US War Ceasefire Peace Talk, (आज समाज), तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के पाकिस्तान दौरे ने कूटनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ उनकी कोई सीधी बैठक नहीं होगी। ईरान अपना संदेश पाकिस्तान के जरिए वाशिंगटन तक पहुंचाएगा। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर को भी वहां भेजा है।
वे आज पाकिस्तान पहुंचेंगे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस बार पाकिस्तान नहीं गए हैं, उन्हें स्टैंडबाय पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर वे इस्लामाबाद जा सकते हैं। दूसरी तरफ संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ भी इस बातचीत में शामिल नहीं हो रहे हैं। वे 11-12 अप्रैल को अमेरिका-ईरान की पहली बातचीत में डेलिगेशन के प्रमुख थे। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार रात इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं।
पाकिस्तान के अधिकारियों के जरिए अपनी बात अमेरिका तक पहुंचाएगा ईरान
व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी डेलिगेशन पाकिस्तान में ईरान के साथ सीधे शांति वार्ता करेंगे। लेकिन ईरान की तरफ से अलग बयान आया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा कि ऐसी कोई बैठक तय ही नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान अपनी बात सीधे अमेरिका से नहीं, बल्कि पाकिस्तान के अधिकारियों के जरिए पहुंचाएगा।
पहले दौर की बातचीत हुई थी फेल
पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच 11-12 अप्रैल को इस्लामाबाद में पहले दौर की बातचीत हुई थी। 21 घंटे तक यह वार्ता चलने के बावजूद नाकाम हो गई थी। दोनों के बीच होर्मुज स्ट्रेट पर कंट्रोल और न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी।
अमेरिका की मांग
अमेरिका चाहता है कि यहां से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह खुली और सुरक्षित रहे, ताकि तेल सप्लाई में रुकावट न हो। वहीं ईरान इस इलाके पर अपना प्रभाव बनाए रखना चाहता है और इसे बातचीत में दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल करता है। इसके अलावा अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित करे, ताकि वह परमाणु हथियार न बना सके। लेकिन ईरान कहता है कि उसका प्रोग्राम सिर्फ शांतिपूर्ण (जैसे बिजली बनाने) के लिए है और वह इसे बंद नहीं करेगा।
पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मिले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची

वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस्लामाबाद में पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। वे शुक्रवार रात पाकिस्तान पहुंचे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अराघची ने पाकिस्तान को ईरान की शर्तें और अमेरिकी मांगों पर अपनी आपत्तियां भी सौंप दी हैं। बैठक में डिप्टी पीएम इशाक डार और आर्मी चीफ आसिम मुनीर भी मौजूद रहे।
अमेरिकी रक्षा मंत्री बोले- अमेरिका किसी डील के लिए बेचैन नहीं
दूसरी तरफ अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी कहा कि अमेरिका किसी डील के लिए बेचैन नहीं है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान की ओर से एक प्रस्ताव आया है, लेकिन वे अच्छे समझौते का इंतजार करेंगे और जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेंगे।
यह भी पढ़ें : NDA Rajya Sabha: राज्यसभा में मजबूत एनडीए, बहुमत के लिए 18 सांसदों की दरकार


