कहा, अमेरिका जब चाहे युद्ध को खत्म कर सकता है
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और इजरायल के ईरान पर संयुक्त हमले लगातार जारी हैं। दोनों देश जहां मिलकर ईरान पर लगातार बमवर्षा कर रहे हैं और उसे नुकसान पहुंचा रहे हैं वहीं ईरान भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमलों का प्रयास लगातार कर रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि लगातार हो रहे हमलों से ईरानी सेना बहुत ज्यादा कमजोर हो चुकी है और उसके पास लड़ने को बहुत कुछ नहीं बचा है।
इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि युद्ध में हालात पूरी तरह से अमेरिका के पक्ष में हैं और वह जब चाहे तब युद्ध को समाप्त कर सकता है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के पास अब नौसेना, संचार व्यवस्था और वायुसेना जैसी ताकत नहीं बची है। ट्रंप ने कहा कि ईरान की मिसाइल क्षमता बहुत कम रह गई है और उसके ड्रोन लगातार नष्ट किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सैन्य दृष्टि से तेहरान के पास अब लगभग कुछ भी नहीं बचा है।
ईरान किसी तरह की चालाकी न करे
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को चेतावनी भी दी कि वह कोई ‘चालाकी’ करने की कोशिश न करे। उन्होंने कहा कि ईरान ने जितने भी हमले करने थे, कर दिए हैं और अब अगर उसने कोई गलत कदम उठाया तो उस देश का अंत हो सकता है। ट्रंप ने कहा, अगर उन्होंने कुछ भी गलत किया तो ईरान का अंत हो जाएगा और फिर उसका नाम भी नहीं सुना जाएगा। ट्रंप ने फोन पर दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अब निशाना बनाने के लिए लगभग कुछ भी नहीं बचा है। थोड़ा बहुत ही बचा है। मैं जब चाहूं, यह युद्ध खत्म हो जाएगा।
पश्चिम एशिया में हमले अभी भी जारी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने भले ही संकेत दिए हैं कि ईरान में उनके सैन्य अभियान के लक्ष्य काफी हद तक पूरे हो चुके हैं। लेकिन पश्चिम एशिया में हमले और सैन्य कार्रवाई अभी भी जारी है। इससे पहले इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा कि ईरान पर हमले तब तक जारी रहेंगे, जब तक जरूरी होगा। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, काट्ज ने कहा कि यह अभियान तब तक बिना किसी समयसीमा के जारी रहेगा, जब तक सभी लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते और अभियान का नतीजे तय नहीं हो जाते।
ये भी पढ़ें : Attack on Farooq Abdullah : जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला


