
कहा- गोलीबारी पहले से ज्यादा ताकतवर और विनाशकारी होगी
US Israel Vs Iran War, तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: युद्ध विराम के एक दिन बाद ही ईरान ने अमेरिका पर सीजफायर की तीन शर्तें तोड़ने का आरोप लगाया है। ईरान ने साफ कहा है कि जिस आधार पर बातचीत होनी थी, वही पहले ही टूट चुका है। ऐसे में अब बातचीत या सीजफायर तर्कसंगत नहीं रह गया है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका ने 10-पॉइंट प्रस्ताव की बुनियादी शर्तों का उल्लंघन किया है।
ईरान के आसपास तैनात रहेगी अमेरिकी सेना
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि जब तक ईरान के साथ हुआ समझौता पूरी तरह लागू नहीं होता, तब तक अमेरिकी सेना ईरान के आसपास तैनात रहेगी। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर चेतावनी दी कि अगर समझौते का पालन नहीं हुआ, तो फिर से गोलीबारी शुरू होगी, जो पहले से ज्यादा बड़ी, ताकतवर और विनाशकारी होगी। हालांकि उन्होंने कहा कि इसकी संभावना बेहद कम है, लेकिन अमेरिका पूरी तरह तैयार है।
इटली ने सीजफायर उल्लंघन की निंदा की
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि दुनिया एक खतरनाक मोड़ के करीब पहुंच चुकी थी, लेकिन अब शांति का एक नाजुक मौका मिला है जिसे मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बहाल करना यूरोप के लिए बहुत जरूरी है।
इजराइल ने ईरान के साथ सीजफायर को एक गलती बताया
इजराइल के मंत्री अमीचाई चिकली ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम करना गलती है। ऐसे देशों के खिलाफ सख्ती जरूरी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह युद्धविराम ज्यादा दिन चलेगा या नहीं, इसकी संभावना सिर्फ 50% है। उन्होंने ईरान की तुलना जापानी साम्राज्य और नाजी जर्मनी से करते हुए कहा कि ऐसे देशों को पूरी तरह हराना जरूरी होता है।
15,400 टन एलपीजी लेकर भारत पहुंचा जहाज ग्रीन आशा
भारतीय झंडे वाला एलपीजी टैंकर ग्रीन आशा 15,400 टन गैस लेकर भारत पहुंचा है। होर्मुज स्ट्रेट पार कर यह जहाज गुरुवार को नवी मुंबई के जेएनपर (जवाहरलाल नेहरू पोर्ट) पर डॉक किया।
ईरान की दो टूक-यूरेनियम एनरिचमेंट प्रोग्राम बंद नहीं करेंगे
वहीं, ईरान के परमाणु ऊर्जा प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने साफ कहा है कि उनका देश यूरेनियम एनरिचमेंट प्रोग्राम बंद नहीं करेगा। दुश्मन ईरान के इस प्रोग्राम को रोकने में सफल नहीं होगा।
ये भी पढ़ें: मोदी का तीखा वार, कांग्रेस-लेफ्ट पर सीधा निशाना; मां की कसम से सियासत गरम

