15 नवंबर से पांच दिसंबर तक चलेगा शिल्प और सरस मेला 
International Geeta Mahotsav, (आज समाज), कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में इस बार 15 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज होगा। सीएम नायब सैनी ने चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार 10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 6 दिसंबर तक चलेगा। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव अवधि 21 दिन की होगी। सीएम ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर दिन ब्रह्म सरोवर पर भव्य गीता महाआरती की जाएगी। सीएम ने बताया कि विभिन्न भाषाओं में श्रीमद्भागवत की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। गीता प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

1 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। बलराम कुश्ती दंगल का आयोजन भी किया जाएगा। 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। 15 नवंबर से पांच दिसंबर तक शिल्प और सरस मेला चलेगा। इस बार महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन 40 से ज्यादा देशों में होगा। इसके अलावा विदेश मंत्रालय के प्रयासों से 15 से ज्यादा देशों के 25 स्कालर भी महोत्सव में पहुंचेंगे।

महोत्सव से पहले भी होंगे कई कार्यक्रम

महोत्सव से पहले ही कई कार्यक्रमों का आगाज हो जाएगा। इसमें चार से 14 नवंबर तक आॅनलाइन गीता क्विज, 15 नवंबर को गीता रन का आयोजन होगा। इसके अलावा 15 नवंबर से पांच दिसंबर तक शिल्प और सरस मेला चलेगा तथा रोजाना सायं के समय पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और महाआरती का आयोजन होगा।

24 से होंगे मुख्य कार्यक्रम

इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से एक दिसंबर तक होंगे। इसमें हरियाणा पवेलियन, पार्टनर स्टेट, पुस्तक मेला, जनसंपर्क विभाग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, पुरुषोत्तमपुरा बाग में मुख्य मंच पर दिन और सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम, 24 नवंबर को गीता यज्ञ, गीता पूजन, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, सर्वधर्म सम्मेलन, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर श्रीमद् भगवद गीता और पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

ये होगा पूरा शेड्यूल

इसी तरह 25 नवंबर को विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर कथा, पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 26 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का समापन व पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 27 नवंबर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 28 से 30 नवंबर को शिक्षा विभाग की तरफ से गीता श्लोकोच्चारण, वाद विवाद, निबंध लेखन, पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

एक दिसंबर को सुबह 9 बजे ज्योतिसर में गीता पाठ और यज्ञ, थीम पार्क में वैश्विक गीता पाठ, विश्वविद्यालय में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन, सायं 5:30 पर सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव, 6 बजे ब्रह्मसरोवर पर दीपदान व आरती तथा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

ये भी पढ़ें: शादी के बंधन में बंधी भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल, सीए पंकज संग लिए सात फेरे