आईएमएफ ने जताया अनुमान 2025 में विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत
India Growth Rate (आज समाज), बिजनेस डेस्क : एक तरफ विश्व पर अमेरिकी टैरिफ नीति का दबाव है तो वहीं भारत इस समय अपने पड़ौसी देश द्वारा फैलाई जा रही आतंकवादी गतिविधियों से परेशान है। आतंकवाद को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते लगातार खराब हो रहे हैं और दोनों देश युद्ध के मुहाने पर खड़े हैं। इसी बीच पाकिस्तान द्वारा भारत पर हमला करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन इस सबके बीच भारत आर्थिक रूप से लगातार मजबूती हासिल कर रहा है।
यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के नवीनतम विश्व आर्थिक आउटलुक के अप्रैल 2025 के संस्करण के अनुसार, भारत इसी साल जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की जीडीपी 4,187.017 बिलियन डॉलर रहने की उम्मीद है, जो जापान के संभावित जीडीपी से थोड़ी अधिक है। इस वित्त वर्ष में जापान की अनुमानित जीडीपी 4,186.431 बिलियन डॉलर रहने का अनुमान लगाया है। अब भारत से आगे सिर्फ अमेरिका, चीन और जर्मनी है।
आने वाले वर्षों में भारत होगा टॉप 3 में शामिल
2024 तक भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन 2025 में यह एक पायदान ऊपर चढ़ जाएगा। खास बात यह है कि आने वाले सालों में भारत की रफ्तार और तेज होगी। आईएमएफ के मुताबिक, 2028 तक भारत जर्मनी को भी पछाड़ देगा और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उस समय भारत की जीडीपी करीब 5,584.476 अरब डॉलर रहने का अनुमान है, जबकि जर्मनी की जीडीपी 5,251.928 अरब डॉलर होगी।
5,069.47 अरब डॉलर पहुंच सकती है जीडीपी
आईएमएफ की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत 2027 में पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उस साल भारत की जीडीपी लगभग 5,069.47 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। दुनिया में फिलहाल अमेरिका और चीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं और आईएमएफ के अनुसार, यह स्थिति इस दशक के अंत तक बनी रहेगी। आईएमएफ ने अपनी रिपोर्ट में यह चेतावनी भी दी है कि पिछले 80 सालों से जिस वैश्विक आर्थिक प्रणाली के तहत दुनिया काम कर रही थी, अब वह बदल रही है। दुनिया एक नए आर्थिक युग में प्रवेश कर रही है, जहां व्यापार और निवेश के नियमों में बड़े परिवर्तन देखे जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : भारत और ब्रिटेन के रिश्ते होंगे मजबूत