India-Pakistan, नई दिल्ली/इस्लामाबाद: भारत से सीमा के साथ वैश्विक मंचों पर भी हमेशा मुंह की खाने वाला पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान अक्सर भारत को गीदड़भभकी देता रहता है। ताजा धमकी पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दी है। उन्होंने सियालकोट में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भविष्य में यदि भारत की ओर से किसी तरह की दुस्साहस की कोशिश की गई तो उसका जवाब कोलकाता पर हमले से दिया जाएगा।
सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगा संघर्ष : ख्वाजा आसिफ
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इससे पहले कहा था कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान के किसी भी दुस्साहस पर भारत की ओर से अभूतपूर्व व निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। राजनाथ की इस टिप्पणी के बाद ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भारत भविष्य में यदि पाकिस्तान के खिलाफ कोई कदम उठाएगा तो उसे हम कोलकाता तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा, अब संघर्ष सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह भारत के अंदर तक पहुंच सकता है। रक्षा मंत्री ने केरलम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से किसी भी हमले का जवाब बहुत जल्द, निर्णायक और सुनियोजित होगा।
आसिफ ने कोलकाता को बताया संभावित निशाना
आसिफ ने कोलकाता को संभावित निशाना बताते हुए कहा, यदि भारत अब कोई फॉल्स फ्लैग आपरेशन करने की कोशिश करेगा है, तो इंशाअल्लाह हम इसे कोलकाता तक ले जाएंगे। ख्वाजा आसिफ के मुताबिक इस तरह की भी खबरें हैं कि भारत की ओर से अपने लोगों या पाकिस्तानियों के जरिए झूठा अभियान चलाया गया है, जिसमें कुछ शवों को कहीं लिटाकर कहा गया है कि वे आतंकी थे और उन्होंने वारदातों को अंजाम दिया था। हालांकि, उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।
ऐसा जवाब देंगे, पाक कभी भूल नहीं पाएगा : राजनाथ
राजनाथ सिंह ने पिछले वर्ष अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले का जिक्र करते हुए कहा, मैं आपको बताना चाहता हूं कि आपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, यदि पाकिस्तान इस तरह की हरकतें दोहराता है, तो हमारी सशस्त्र सेनाएं फिर ऐसा ही जवाब देंगी जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे। पहलगाम हमले में 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी।
ये भी पढ़ें : West Asia Conflict: पाकिस्तान की फजीहत, ईरान ने ठुकराई मध्यस्थता की पेशकश


