पैसे के लेन-देन को लेकर दिया वारदात को अंजाम
Fatehabad News (आज समाज) फतेहाबाद: पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद में फतेहाबाद में फुफेरे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर पशु व्यापारी की गला काट कर हत्या कर दी। घटना जिले के कस्बे रतिया के लांबा गांव की है। मृतक की पहचान विनोद कुमार (42) के रूप में हुई है। वह पशुओं की खरीद-फरोख्त का काम करता था। लांबा गांव में विनोद के साथ वाले घर में उसका रिश्तेदार सुखदेव सिंह रहता है।

दोनों का पैसे के लेनदेन का कोई मामला चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रतिया के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सदर थाना रतिया के एसएचओ राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों पर हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया है।

अपने दो साथियों सहित घर में घुसा सुखदेव

विनोद की पत्नी कालो बाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार देर रात सुखदेव सिंह, अपने 2 साथियों के साथ उनके घर में घुस आया। तीनों लोगों ने नशा किया हुआ था। उस समय सभी लोग सो रहे थे। उसने चाकू से पति का गला काट दिया। उन्होंने आगे कहा कि जब उसने विरोध किया तो सुखदेव सिंह ने मुंह दबा दिया और हाथापाई की। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ फरार हो गया। पति को वे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

विनोद और सुखदेव मामा-बुआ के बेटे

गांव लांबा के सरपंच गुरदेव सिंह ने बताया कि पशु व्यापारी विनोद कुमार व सुखदेव सिंह दोनों मामा-बुआ के बेटे हैं। सुखदेव सिंह पंजाब के मानसा एरिया के किसी गांव में मीट की दुकान चलाता है। उसे 2 लड़के व एक लड़की है। वह करीब डेढ़ साल से गांव से बाहर ही रह रहा था। उसकी पत्नी और बच्चे गांव में रह रहे हैं।

यह भी पढ़ें : कुरुक्षेत्र में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, काला राणा गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी