लंबे समय से लीवर की बीमारी से जुझ रही थी ममता
Fatehabad News (आज समाज) फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद में पत्नी की मौत के 30 मिनट बाद सदमे में पति ने भी दम तोड़ दिया। गुरुवार शाम को दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। जोड़े की पहचान 53 वर्षीय राजकुमार और 48 वर्षीय ममता के रूप में हुई है।

ये फतेहाबाद की अग्रवाल कॉलोनी में रहते थे। करीब 25 साल पहले इनकी शादी हुई थी, और इनके 2 बेटे हैं। मृतक राजकुमार के भाई शिव कुमार ने बताया है कि उनके भाई बिजली विभाग में एलडीसी थे। वह 1999 में अपने पिता के निधन के बाद एक्सग्रेशिया के तहत लगे थे।

पत्नी का लिवर हो चुका था डैमेज

पत्नी ममता लंबे समय से लिवर संबंधी बीमारी से जूझ रही थीं। उनका लिवर डैमेज हो गया था। पत्नी की बीमारी के चलते रामकुमार अपनी ड्यूटी पर भी बेहद कम ही जाते थे। बुधवार, 16 जुलाई की रात को करीब 9 बजे ममता का निधन हो गया। यह जानकारी जैसे ही रामकुमार को मिली, तो मात्र 30 मिनट में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, पति को पत्नी की मौत की खबर सुनकर सदमा लगा था, जिससे उनका हार्ट फेल हो गया।

पत्नी की देखभाल के चलते ड्यूटी पर कम जाते थे राजकुमार

शिव कुमार ने बताया कि 2 महीने पहले ही भाई राजकुमार का सिरसा से रतिया ट्रांसफर हुआ था। वह रतिया में ड्यूटी जॉइन करने के बाद घर चले आए थे। तब से अपनी पत्नी की देखभाल करने में लगे हुए थे। इस वजह से ड्यूटी भी कम जाते थे। उनके दो लड़के हैं, जो पढ़ रहे हैं। एक 20 साल का है और दूसरा 18 साल का।

ये भी पढ़ें : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने जारी किए सीईटी एडमिट कार्ड