TMC Protest: मेरे पास गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ पेन ड्राइव: ममता बनर्जी

0
171
TMC Protest: मेरे पास गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ पेन ड्राइव: ममता बनर्जी
TMC Protest: मेरे पास गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ पेन ड्राइव: ममता बनर्जी

कहा- दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचती है कोयला घोटाले की रकम
TMC Protest, कोलकाता/नई दिल्ली: ईडी की रेड के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस का गुस्सा फूट गया है। शुक्रवार को टीएमसी की ओर से कोलकाता से लेकर नई दिल्ली तक प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता में मार्च निकाल रही हैं। इस दौरान उनके साथ पार्टी नेताओं के साथ हजारों कार्यकर्ता भी शामिल हुए हैं। इस दौरान ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनके पास गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ पेन ड्राइव हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं तक कोयला घोटाले की रकम पहुंचती है।

मेरे पास इसके सबूत हैं। जरूरत पड़ी तो मैं इन्हें जनता के सामने पेश कर सकती हूं। ममता ने कहा, कोयला घोटाले का पैसा सुवेंदु अधिकारी ने इस्तेमाल किया और अमित शाह को भेजा। मैं आमतौर पर प्रतिक्रिया नहीं देतीं, लेकिन अगर कोई मुझे छेड़ता है तो मैं छोड़ती नहीं हूं। इससे पहले शुक्रवार सुबह पार्टी के 8 सांसदों ने दिल्ली में गृह मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। डेरेक ओ ब्रॉयन, महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद नारेबाजी करते नजर आए।

इस दौरान धक्कामुक्की हुई, कुछ सांसद गिर भी गए। पुलिस ने सांसदों को सुबह 10 बजे हिरासत में लिया और दोपहर 12 बजे छोड़ा। गौरतलब है कि गुरुवार को ईडी द्वारा टीएमसी आईटी सेल के हेड के आॅफिस और घर पर रेड की गई थी। आईटी सेल के हेड प्रतीक जैन ममता बनर्जी के लिए पॉलिटिकल स्ट्रैटजी तैयार करते हैं। ममता ने ईडी की इस कार्रवाई का विरोध किया था।

कोलकाता हाईकोर्ट में सुनवाई टली

इसी बीच कोलकाता हाईकोर्ट ने कोर्ट परिसर में भारी भीड़ और हंगामें की वजह से ईडी की याचिका पर सुनवाई टाल दी है। याचिका में ममता बनर्जी के खिलाफ छापेमारी के दौरान हस्तक्षेप करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। मामले की सुनवाई 14 जनवरी तक के लिए टाल दी है।

प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार

इस कार्रवाई के बाद ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा- गृह मंत्री के दफ्तर के बाहर विरोध करना, हमारे चुने हुए प्रतिनिधियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्हें सड़कों पर घसीटना कानून का पालन नहीं है, बल्कि यह पुलिस की घमंड दिखाने की कोशिश है।

ईडी ने 6 लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस

ईडी ने संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत कलकत्ता हाईकोर्ट में एक रिट याचिका दायर की है, जिसमें छह लोगों को प्रतिवादी बनाया गया है। इनमें पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी, पश्चिम बंगाल के डीजीपी, कोलकाता के पुलिस कमिश्नर, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण कोलकाता) और केंद्रीय जांच ब्यूरो शामिल हैं। यह याचिका कानून प्रवर्तन और जांच से जुड़े मामलों के संबंध में दायर की गई है।

ममता ने ईडी के खिलाफ 2 एफआईआर दर्ज कराई

वहीं ममता बनर्जी ने शुक्रवार को ईडी के खिलाफ दो शिकायतें दर्ज कराई। ये शिकायतें राजनीतिक कंसल्टेंसी फर्म आई-पीएसी के आॅफिस और इसके प्रमुख प्रतीक जैन के घर पर हुई छापों से जुड़ी हैं। इन शिकायतों के आधार पर कोलकाता और बिधाननगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें: हर समस्या के लिए नेहरू को दोषी ठहराना गलत: शशि थरूर